नई दिल्ली: दिल्ली में स्मॉग के साये तले हुए पहले टी-20 मैच में जैसे-तैसे मैच पूरा हुआ और बांग्लादेश को भारत के खिलाफ टी-20 मैचों में पहली जीत भी मिली। इसके बाद खबरें आई हैं कि बांग्लादेश के दो खिलाड़ियों ने मैच के दौरान उल्टियां भी की थी। रिपोर्ट में दावा किया है कि बांग्लादेश के बल्लेबाज सौम्य सरकार और एक अन्य खिलाड़ी ने बांग्लादेशी टीम के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान मैदान पर उल्टी की थी। ऐसी परेशानियों के बीच हुए पहले मैच के बाद अब दूसरे मैच में भी आसार बहुत अच्छे नहीं दिखाए दे रहे हैं।
गुरुवार को भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरे टी 20 मैच के लिए एक चक्रवाती खतरा है। यह मैच गुजरात के सौराष्ट्र इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में राजकोट में खेला जाएगा। चक्रवात के चलते उम्मीद है कि मैच के दिन भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को तड़के पोरबंदर और दीव के बीच 'चक्रवाती तूफान' गुजरात तट से टकराएगा।
मैच शहर के बाहरी इलाके सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होना है। बताया गया है कि अरब सागर पर एक 'बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' है और पोरबंदर से 660 किलोमीटर दूर स्थित है। यह भविष्यवाणी की जाती है कि गुजरात तट से टकराने से पहले यह चक्रवाती तूफान कमजोर हो जाएगा। आईएमडी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 6 से 7 नवंबर को राजकोट सहित "गुजरात के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर" हल्की से मध्यम बारिश होगी।
सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रख रहा है। "हम खेल की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, लेकिन साथ ही हम मौसम पर एक करीबी नजर रख रहे हैं। उम्मीद है कि 7 तारीख को सुबह बारिश हो सकती है, लेकिन खेल शाम को है, "सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने राजकोट से पीटीआई को बताया। शहर में मंगलवार सुबह धूप खिली रही। दोनों टीमें सोमवार को यहां पहुंच गई थीं।
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में स्मॉग और वायु प्रदूषण के बावजूद पहला टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया, जिससे बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दोनों टीमों को धन्यवाद दिया। बांग्लादेश ने भारत को सात विकेट से हराया, और तीन मैचों की श्रृंखला में वह 1-0 से आगे चल रहा है। सीरीज का अंतिम मैच 10 नवंबर, रविवार को नागपुर में खेला जाएगा।