IND vs BAN: आखिर क्यों मिले खलील अहमद-वाशिंगटन सुंदर को टीम में जगह, जानें क्या कहता है प्रदर्शन
नई दिल्ली। अपने पहले दौरे पर भारत आई बांग्लादेश की टीम को जारी टी20 सीरीज के दूसरे मैच में रोहित शर्मा की विस्फोटक पारी का सामना करना पड़ा। जिसकी बदौलत रोहित शर्मा ने अपने 100वें टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में 8 विकेट से जीत दिला कर सीरीज में भारत को बराबरी पर ला खड़ा किया। इस मैच में रोहित शर्मा ने 85 रनों की पारी खेली और 3 मैचों की टी-20 सीरीज में भारत की वापसी करा दी। सीरीज के पहले मैच में भारत को बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद उसे हर हाल में इस जीत की दरकार था। अब भारत को सीरीज के निर्णायक मुकाबले में 10 नवंबर को नागपुर में भिड़ना है जहां जो भी टीम मैच जीतेगी सीरीज उसके नाम हो जाएगी।
इस मैच में भले ही भारतीय टीम ने आसानी से जीत दर्ज कर ली लेकिन भारतीय गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल को छोड़ किसी भी गेंदबाज ने गहरी छाप नहीं छोड़ी। जिसके बाद यह सवाल उठता है कि क्या यह गेंदबाज वाकई में टीम में इतने मौकों के हकदार हैं।
और पढ़ें: कौन है पीएसल में खेलने वाला यह दुनिया का सबसे लंबा खिलाड़ी, लोगों ने सोशल मीडिया पर लिये मजे
आइये पिछले कुछ वक्त के प्रदर्शन और आंकड़ों पर नजर डालते हैं और जानने की कोशिश की करते हैं:

आखिर टीम में क्यों हैं वाशिंगटन सुंदर?
भारतीय टीम में पिछले कुछ समय से दूसरे स्पिनर के रूप में खेल रहे वाशिंगटन सुंदर की बात करें तो पिछले 5 टी20 मैचों में से 4 में वो विकेट चटका पाने में नाकामयाब रहे है, हालांकि इस दौरान वो थोडे किफायती जरूर रहे लेकिन विकेट का न गिरा पाना उनकी गेंदबाजी की प्रभाव क्षमता पर सवाल खड़े करता है। वहीं हाल ही में हुए घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे में भले ही वाशिंगटन सुंदर की टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन इस दौरान खेले गए 19 मैचों में उन्होंने सिर्फ 3 मैचों में ही गेंदबाजी की वो भी सिर्फ 19 ओवर, तो ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वो बतौर बल्लेबाज टीम के लिए खेल रहे हैं या गेंदबाज।
वहीं अगर बात की जाये कि सुंदर नहीं तो टीम में किसे लेना चाहिये, तो चयनकर्ता अगर टी20 विश्व कप के लिए सही भारतीय टीम का संयोजन देख रहे हैं तो शायद उन्हें चोट से वापसी कर रहे कुलदीप यादव को थोड़े और मौके देना चाहिये, या फिर टीम में करीब एक साल बाद वापसी करने वाले आर अश्विन को मौका देना चाहिये, जो घरेलू स्तर पर खेले जा रहे हर टूर्नामेंट में अपनी अलग छाप छोड़ रहे हैं।

खलील अहमद कब तक?
भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता टी 20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम का सही संयोजन तैयार करने में लगे हुए हैं। ऐसे में वो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथी भुवनेश्वर कुमार का विकल्प ढूंढ रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार लगातार चोटों के चलते पिछले कुछ समय से भारतीय टीम में नियमित नहीं है, ऐसे में उनकी जगह खलील अहमद, नवदीप सैनी और दीपक चहर जैसे गेंदबाजों को मौका दिया जा रहा है।
जहां एक ओर नवदीप सैनी और दीपक चहर जैसे गेंदबाज नई और पुरानी गेंद से विकेट लेने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं खलील अहमद रन लुटाने के मामले में अव्वल नजर आ रहे हैं।
पिछले 12 टी20 मैचों में खलील औसतन प्रति मैच 40 की दर से रन लुटा रहे हैं। दिल्ली में खेले गए पहले मैच में 19वें ओवर में लगातार 4 चौकों ने पूरा मैच ही पलट दिया था वहीं राजकोट में 44 रन देकर 1 विकेट झटकने वाले खलील सबसे महंगे गेंदबाज बनें।
विजय हजारे टूर्नामेंट की बात करें तो खलील का प्रदर्शन वहां भी कुछ खास नहीं रहा था। वहीं चयनकर्ता उनकी जगह पर मध्य प्रदेश के गौरव यादव या गुजरात से खेलने वाले रूस कलारिया को मौका दे सकते हैं। दोनों ही खिलाड़ी लगातार घरेलू , लिस्ट-ए और इंडिया के मैचों में विकेट चटकाने का काम कर रहे हैं।

मैच के बाद जानें क्या बोले रोहित शर्मा
युजवेंद्र चहल (2/28) की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। मैच के बाद मैन ऑफ द मैच रोहित ने कहा, 'भारतीय टीम के स्पिनर्स ने स्मार्ट गेंदबाजी की खासकर युजवेंद्र चहल ने, हालांकि दूसरे छोर पर एक गेंदबाज की कमी महसूस हुई जिसे आज वाशिंगटन सुंदर ने खूबसूरती के साथ निभाने की कोशिश की। वे हमेशा कोच और कप्तान के साथ बातचीत करते हैं कि कैसे सुधार किया जाए।'

हिटमैन की शानदार पारी की बदौलत भारत जीता
रोहित इस सीरीज में भारत की कप्तानी भी कर रहे हैं। दिल्ली में खेले गए पहले टी-20 में टीम को मुंह की खानी पड़ी थी। इसलिए इस मैच में भारत के ऊपर बराबरी करने का दबाव था नहीं तो सीरीज उसके हाथ से चली जाती। रोहित ने इस मैच में टॉस जीत बांग्लादेश को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की और भारतीय गेंदबाजों पर लगातार प्रहार किए, लेकिन मेजबान टीम ने वापसी की और बांग्लादेश को 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 153 रनों पर सीमित कर दिया। भारत ने इस लक्ष्य को दो विकेट खोकर 15.4 ओवरों में हासिल कर लिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
