
यकीन था कि भारत करेगा जबरदस्त वापसी
अख्तर ने कहा कि पहले मैच में मिली अनचाही हार के बाद उन्हें हमेशा से ही यकीन था कि भारतीय टीम वापसी करेगी और अब भारतीय टीम इंग्लैंड को बाकी बचे दो टेस्ट मैचों में सिर्फ हरायेगी नहीं बल्कि उसके हौसले को पस्त करने का काम करेगी।
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किये गये वीडियो में बात करते हुए अख्तर ने कहा,'भारत के पहले टेस्ट मैच में हार जाने के बाद काफी हाय तौबा मच गई थी और कुछ लोगों का मानना था कि भारत का वापसी करना मुश्किल है। पर मुझे विश्वास था कि भारत वापसी करेगा और जबरदस्त तरीके से करेगा। भारत पहला मैच खराब खेल की वजह से हारा था लेकिन अब वो इंग्लैंड के हौंसलों को तोड़ने का काम करेगा। वह अपनी पकड़ ढीली नहीं होने देगा।'

अख्तर ने किया टेस्ट सीरीज के नतीजे का ऐलान
अख्तर का मानना है कि भारतीय टीम 24 फरवरी से खेले जाने वाले पिंक बॉल टेस्ट मैच में जीत हासिल करेगी और सीरीज में 3-1 से इंग्लैंड को हराकर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचेगी। अख्तर का मानना है कि भारत को अपनी बादशाहत कायम रखने के लिये ऐसा करना जरूरी है।
उन्होंने कहा,'पहले टेस्ट मैच में हार के बाद भारतीय टीम को जिस वक्त पता चला कि उन्हें विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेलना है तो जीत के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है, तभी समझ जाना चाहिये कि वो अपना बेस्ट लेकर आने वाले हैं। हमें याद रखना चाहिये कि भारतीय टीम अक्सर सेटल होने में कुछ वक्त लेती है। उन्होंने यही काम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी किया था। यह एक ऐसी चीज है जिसको लेकर भारतीय टीम को संभलना होगा, क्योंकि इतनी बड़ी टीम को जब पहले मैच में इतनी बुरी हार का सामना करना पड़े तो थोड़ा अजीब लगता है। पर मुझे हमेशा से पता था कि अपने घर पर खेल रही भारतीय टीम मजबूती के साथ वापसी करेगी।'

जब रोहित-अश्विन ऐसे खेलें तो कोई नहीं बचा सकता
गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिये रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई के मैदान पर जबरदस्त बल्लेबाजी की और पहली पारी में हिटमैन ने 161 रनों की पारी खेल जीत की नींव रखी तो वहीं पर अश्विन ने दूसरी पारी में अपने करियर का 5वां टेस्ट शतक लगाया। इतना ही नहीं अश्विन ने मैच के दौरान 8 विकेट (5/43 और 3/53) भी हासिल किये जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
अख्तर ने इन खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा,'जब रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी 160 रन बनाये और अश्विन जैसा दिग्गज विकेट ले और शतक भी लगाये तो यह इंग्लैंड के लिये मुश्किल होना ही था।'


Click it and Unblock the Notifications
