अहमदाबाद। आखिरकार सूर्यकुमार यादव ने वो कर दिखाया जिसकी उम्मीदें हर कोई लगा बैठा था। सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ चाैथे टी20 मैच में शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 31 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चाैके तो 3 छक्के शामिल रहे। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन को पीछे छोड़ते हुए एक खास रिकाॅर्ड बना लिया है।
दरअसल, सूर्यकुमार अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में खेली पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि सूर्यकुमार का यह दूसरा मैच रहा, लेकिन डेब्यू मैच में उन्हें बैटिंग करने का माैका नहीं मिला था। वहीं ईशान किशन ने अपने डेब्यू में 56 रनों की पारी खेली थी। उनकी यह पारी इसी सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ हुए दूसरे मैच में निकली थी। हालांकि सूर्यकुमार विवादित तरीके से कैच आउट होने के कारण अजिंक्य रहाणे का रिकाॅर्ड तोड़ने से चूक गए।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में भारत की ओर से टी20 की पहली पारी में सबसे ज्यादा स्कोर करने का रिकाॅर्ड अजिंक्य रहाणे के नाम है। रहाणे ने 2011 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले अपने पहले मैच में 61 रनों की पारी खेली थी।
भारत के लिए T20I की पहली पारी में 50+ का स्कोर-
61 अजिंक्य रहाणे बनाम इंग्लैंड मैनचेस्टर 2011
56 इशान किशन बनाम इंग्लैंड अहमदाबाद 2021
50 * रोहित शर्मा बनाम एसए डरबन 2007
50 रॉबिन उथप्पा बनाम पाक डरबन 2007
50 सूर्यकुमार यादव बनाम इंग्लैंड अहमदाबाद 2021
इसके अलावा सूर्यकुमार ने एक ऐसा काम भी किया है जो कोई भी भारतीय नहीं कर सका। सूर्यकुमार पहले ऐसे भारतीय बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट की खेली पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा हो। सूर्यकुमार ने चाैथे ओवर की पांचवीं गेंद पर जोफ्रा आर्चर को छक्का मार अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का खाता खोला। इनसे पहले पाकिस्ताना के सोहेल तनवीर ने 2007 में भारत के खिलाफ, जबकि मंगलिसो मोसेहले ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ यह काम किया था।