अहमदाबाद। इंग्लैंड के खिलाफ भारत पांच टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगा। मैच में मैदान की कुल क्षमता के 50 फीसदी दर्शकों को आने की अनुमति दी गई है। गुजरात क्रिकेट असोसिएशन ने आज होने वाले मैच से ठीक पहले इस बात की जानकारी दी है कि मैच में 50 फीसदी दर्शकों को आने की अनुमति होगी। जीसीए के उपाध्यक्ष धनराज नथवानी ने बताया कि हम सभी टी-20 मैचों के लिए मैदान की कुल क्षमता से 50 फीसदी कम दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति दे रहे हैं। 50 फीसदी टिकट ऑनलाइन बेचे जाएंगे। बता दें कि टी-20 सीरीज के सभी पांच मैच मोटेरा के मैदान में ही खेले जाएंगे।
मैच के लिए पूरे मैदान को सैनिटाइज किया गया है और सभी कोविड गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। मैदान में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के लिए कमेटी का गठन किया गया है और इसे सख्ती से लागू किया जा रहा है। बता दें कि टेस्ट सीरीज के आखिरी के दो टेस्ट मैच भी इसी मैदान में खेले गए थे। दोनों ही मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी और सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया था। सीरीज में 3-1 से जीत दर्ज करके आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइल में अपनी जगह बनाई थी।
बता दें कि टी-20 सीरीज में विराट कोहली की अगूवाई में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी। मैच से पहले टीम के चयन को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं कि प्लेइंग 11 में किन खिलाड़ियों को जगह मिलेगी। कप्तान कोहली ने साफ कर दिया है कि सलामी बल्लेबाजी की शुरुआत रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल करेंगे। ऐसे में साफ है कि शिखर धवन को प्लेइंग 11 में जगह मिलना मुश्किल है। मैच से पहले टीम इंडिया को फेवरेट के तौर पर देखा जा रहा है।