India vs England 5th T20I India Won the Toss in Series Decider Opt to bowl First know playing 11: नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच मोटेरा के मैदान पर खेला जाना है जो कि सीरीज के लिये निर्णायक साबित होने वाला है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी इस टी20 सीरीज में दोनों टीमें 2-2 मैच जीतकर बराबरी पर चल रही हैं और दोनों टीमें आज के मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेंगी। सीरीज का आखिरी मैच उसी पिच पर होने वाला है जिस पर सीरीज का दूसरा टी20 मैच खेला गया था, इस दौरान पिच के धीमा रहने और बल्ले पर तेजी से न आने वाली गेंदबाजी देखने को मिल सकती है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली से सीरीज के आखिरी मैच में भी टॉस रूठा हुआ नजर आया और कप्तान इयोन मोर्गन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस सीरीज में खेले गये 5 मैचों में भारतीय टीम को टॉस में सिर्फ एक बार ही जीत मिली है जबकि इंग्लैंड की टीम को 4 बार जीत मिली है। इंग्लैंड की टीम ने अपने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि भारतीय टीम ने एक बदलाव किया है केएल राहुल को बाहर कर टी नटराजन को टीम में शामिल किया है।
और पढ़ें: टीम सेलेक्शन को लेकर सचिन तेंदुलकर का बड़ा बयान, कहा- उम्र से नहीं तोला जाना चाहिये टैलेंट
विराट कोहली ने साफ किया है कि वो आज रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आयेंगे। जबकि सूर्यकुमार यादव 3 नंबर पर ही बल्लेबाजी करते दिखाई देंगे। साल 2018 के बाद से भारतीय टीम ने 9 बार सीरीज डिसाइडर मैच खेले हैं जिसमें 8 बार भारतीय टीम को जीत हासिल हुई है, ऐसे में एक बार फिर से भारतीय टीम का पलड़ा भारी लग रहा है।
इतना ही नहीं पिछले मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिस तरह से स्कोर को बचाने का काम किया उससे उसका आत्म-विश्वास काफी बढ़ा हुआ नजर आ रहा है। वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच ओवरऑल 18 टी20 मैच खेले गये हैं जिसमें दोनों ही टीमों को 9-9 बार जीत हासिल हुई है, ऐसे में आज जो भी टीम मैच जीतेगी वह ओवरऑल आंकड़े में भी आगे निकल जायेगी।
और पढ़ें: कमलप्रीत कौर ने डिस्कस थ्रो में तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड, टोक्यो ओलंपिक्स के लिये किया क्वालिफाई
भारत का प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, राहुल चाहर, टी नटराजन।
इंग्लैंड का संभावित प्लेइंग XI:जेसन रॉय, जोस बटलर, डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, इयोन मोर्गन, सैम कर्रन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड।