T20 विश्व कप से पहले इंग्लैंड की टीम को लगा दोहरा झटका, साल भर के लिये बाहर हुए जोफ्रा आर्चर
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के बीच इंग्लिश खिलाड़ियों के फैन्स के लिये बेहद बुरी खबर सामने आई है। इंग्लैंड की टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूरे साल के लिये क्रिकेट के मैदान से बाहर हो गये हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की चोट पर अपडेट देते हुए इस बात की पुष्टि की और साफ किया कि पिछले हफ्ते उनकी कोहनी को लेकर किये गये स्कैन की रिपोर्ट आने के बाद यह फैसला लिया गया है। ईसीबी ने बताया कि आर्चर की स्कैन रिपोर्ट के अनुसार उनके दायें हाथ की कोहनी में स्ट्रेस फ्रैक्चर उभर आया है जिसके चलते वह पूरे साल के लिये क्रिकेट से बाहर हो गये हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: नॉटिंघम में रोहित-राहुल ने रचा इतिहास, मजबूत स्थिति में पहुंचा भारत
जोफ्रा आर्चर का इस तरह से चोटिल होकर बाहर होना इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिये दोहरा झटका है। जोफ्रा ऑर्चर इससे न सिर्फ भारत के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज से बल्कि आईपीएल 2021 के बचे हुए मैचों, यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप और साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो गये हैं।
और पढ़ें: Tokyo 2020: आखिरी 10 सेकेंड्स में हारे दीपक, ओलंपिक में पहली बार सैन मरीनो के पहलवान ने जीता पदक

बेन स्टोक्स-आर्चर की गैर मौजूदगी करेगी इंग्लैंड कमजोर
आर्चर से पहले इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स ने भी मेंटल हेल्थ का हवाला देते हुए क्रिकेट से अनिश्चितकाल के लिये दूरी बना ली है, ऐसे में आर्चर का साल भर के लिये बाहर हो जाना इंग्लैंड क्रिकेट टीम की ताकत को गहरी चोट पहुंचायेगा। उल्लेखनीय है कि 2019 विश्वकप में जब इंग्लैंड की टीम ने पहली बार वनडे चैम्पियन का खिताब जीता था तो उस वक्त इन दोनों खिलाड़ियों ने जीत में अहम भूमिका निभाई थी, ऐसे में टी20 विश्वकप की तैयारियों के दौरान अपने दो सबसे अहम खिलाड़ियों को खोना इंग्लैंड की टीम को बैकफुट पर ले आयेगा।

सर्जरी करा कर काउंटी में की थी वापसी
गौरतलब है कि 26 वर्षीय गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को मई के महीने में सर्जरी से गुजरना पड़ा था जहां पर उनकी कोहनी की हड्डी का हिस्सा निकाला गया था, इसके बाद काउंटी क्रिकेट में उन्होंने जुलाई में वापसी की। हालांकि गेंदबाजी में वापसी करने के दौरान जब वो विटालिटी ब्लास्ट कप के अंडर खेले गये ससेक्स और ऑक्सफॉर्डशायर के 50 ओवर प्रारूप के मैच में उतरे तो उनकी कोहनी में दर्द बढ़ गया और उन्हें फिर से अस्पताल लौटना पड़ा। यहां पर जांच के बाद पता लगा कि उनकी कोहनी में स्ट्रेस फ्रैक्चर है।

पूरे साल चोट ने किया है आर्चर को परेशान
आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर इस साल के शुरुआत से ही चोट से गुजर रहे हैं, जहां पर अपने घर की सफाई करते हुए उनकी कोहनी में एक कांच का टुकड़ा घुस गया था। इसको लेकर उन्होंने 3-4 इंजेक्शन लगवाये लेकिन पता नहीं चल सका। बाद में भारत दौरे पर भी इसी दर्द के चलते उन्हें टी20 सीरीज के बाद इंग्लैंड लौटना पड़ा और वो वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके। अंत में आईपीएल से बाहर होने के बाद उन्होंने अपनी सर्जरी करवाई जिसमें कांच का टुकड़ा बाहर निकला। आर्चर की कोहनी में आया स्ट्रेस फ्रैक्चर और चोट दोनों अलग-अलग हैं लेकिन चोट के चलते बाहर होने वाले इस खिलाड़ी को अब वापसी के लिये पूरे साल इंतजार करना होगा। दिसंबर के शुरुआती महीने में मेडिकल टीम एक बार फिर से उनका रिव्यू करेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
