पुणे।भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज में भारतीय टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की। सीरीज के तीनों ही मैच में भारतीयपु टीम ने 300 से अधिक का स्कोर खड़ा किया। तीसरे वनडे मैच में भी भारतीय टीम ने 329 रन बनाए, जिसका पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी 322 रन बनाए। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही टीमों ने 300 से अधिक का स्कोर खड़ा किया लेकिन दोनों ही टीम के किसी भी खिलाड़ी ने मैच में शतक नहीं लगाया। भारत की ओर से ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 78 रन की पारी खेली तो इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने 95 रनों की नाबाद पारी खेली।
दोनों ही टीमों के कई खिलाड़ियों ने खेली अर्धशतकीय पारी
भारत की ओर से तीन खिलाड़ियों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और अर्धशतकीय पारी खेली। शिखर धवन ने 56 गेंदों का सामना करते हुए 67 रन बनाए, ऋषभ पंत ने 62 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली। वहीं हार्दिक पांड्या ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली। वहीं इंग्लैंड की पारी की बात करें तो डेविड मलान ने 50 ग्दों पर 50 रन की पारी खेली। लेकिन मैच में सैम करन ने सर्वाधिक 95 रन बनाकर एकतरफा हो चुके मैच को आखिरी ओवर तक खींचा। इंग्लैंड की टीम के 7 विकेट 200 रन के स्कोर पर गिर गए थे, इसके बाद सैम करन ने एकतरफा तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैच को आखिरी ओवर तक लेकर गए।
वनडे में बिना किसी शतक के सबसे बड़ा स्कोर
656- दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया 2002, दक्षिण अफ्रीका ने 326 रन बनाए, ऑस्ट्रेलिया ने 330 रन बनाए
651- भारत बनाम इंग्लैंड 2021, भारत 329 रन बनाए, इंग्लैंड ने 322 रन बनाए
649- भारत बनाम इंग्लैंड 2007, भारत ने 329 रन बनाए, इंग्लैंड ने 320 रन बनाए
648- इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान, इंग्लैंड ने 351 रन बनाए, पाकिस्तान ने 297 रन बनाए
टीम इंडिया की मजबूत बेंच
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कई भारतीय युवा खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया है। इस सीरीज में टी नटराजन, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर ने अपने बेहतरीन खेल से हर किसी का मन मोह लिया। अच्छी बात यह है कि इस सीरीज में भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ देखने को मिली। तकरीबन हर नंबर पर टीम में खिलाड़ी को रिप्लेस करने के लिए 2-3 विकल्प मौजूद हैं।