India vs England Dom Sibley slams 4th Fifty of Test Career reflects strong resistance against Indian Bowling Attack: नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (World Test Champonship) के तहत खेली जा रही 4 मैचों की सीरीज का पहला मैच चेन्नई के मैदान पर आज से शुरू हुआ है। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और तीसरे सेशन के खेल तक इंग्लैंड की टीम ने मजबूत बढ़त बना ली है। चेन्नई के मैदान पर सलामी बल्लेबाज डॉमनिक सिब्ले और रोरी बर्न्स ने शानदार शुरुआत करते हुए 63 रनों की साझेदारी कर पारी का मजबूती से आगाज किया। हालांकि रविचंंद्रन अश्विन ने रोरी बर्न्स (33) और जसप्रीत बुमराह ने डॉन लॉरेंस को बिना खाता खोले पवेलियन भेजकर टीम की वापसी कराई।
हालांकि इसके बाद डॉमनिक सिब्ले (Dominic Sibley) ने कप्तान जो रूट के साथ मिलकर न सिर्फ पारी को संभालने का काम किया बल्कि भारतीय सरजमीं पर अपना पहला अर्धशतक भी पूरा किया। वहीं कप्तान जो रूट (Joe Root) जो कि आज अपने टेस्ट करियर का 100वां मैच खेलने उतरे हैं उन्होंने भी संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया।
इंग्लैंड के लिये डॉमनिक सिब्ले और जो रूट ने तीसरे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी पूरी करते हुए लंच के बाद भारतीय गेंदबाजों को विकेट देने से इंकार कर दिया। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच यह साझेदारी उस वक्त आई जब भारतीय टीम मैच में वापसी कर रही थी लेकिन इन बल्लेबाजों ने गेंदबाजों को विकेट न देकर खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
डॉमनिक सिब्ले ने इस दौरान पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट बल्लेबाजी की और करियर का चौथा अर्धशतक पूरा करने के लिये 151 गेंदों का सामना किया। जो रूट के साथ बल्लेबाजी करते हुए सिब्ले ने समझदारी दिखाते हुए अश्विन, बुमराह, इशांत, शाहबाज नदीम और वाशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाजों को छकाने का काम किया।
और पढ़ें: IND vs ENG: वामिका की डिलिवरी के वक्त मोबाइल पर मैच देख रहे थे कोहली, शेयर किया पिता बनने का अनुभव
गौरतलब है कि डॉमनिक सिब्ले के लिये यह टेस्ट क्रिकेट में लगातार दूसरा अर्धशतक है, तो वहीं कप्तान जो रूट ने श्रीलंका में जारी अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखा है और लगातार तीसरे मैच में 50+ रनों की पारी खेली और तीसरा शतक लगाने की ओर हैं।
आपको बता दें कि 74 ओवर के खेल की समाप्ति पर इंग्लैंड की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिये हैं और जो रूट 89 रन और डॉमनिक सिब्ले 74 रन बनाकर खेल रहे हैं।