पुणे। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की। तीसरे वनडे में जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजों ने 330 रन का लक्ष्य इंग्लैंड के सामने रखा उसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 200 रन के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए। ऐसे में लग रहा था कि भारतीय टीम मैच को बड़े अंतर से जीतेगी। लेकिन सैम करन ने 95 रनों की आतिशी नाबाद पारी खेलकर टीम इंडिया की अरमानों पर अंतिम समय तक रोक जरूर लगा दिया। हालांकि आखिरी ओवर में टी नटराजन ने जबरदस्त गेंदबाजी करके टीम इंडिया को जीत दिलाई। सीरीज में 2-1 से जीत के बाद कप्तान विराट कोहली ने भी सैम करन की तारीफ की।
विराट कोहली ने कहा कि सैम करन ने अच्छी बल्लेबाजी की और बेहतरीन पारी खेली और इंग्लैंड की उम्मीदो को आखिरी तक जिंदा रखा। लेकिन हमारे गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए। हार्दिक पांड्या और टी नटराजन ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए मैच को जिताया। मैच में टीम इंडिया की फील्डिंग काफी लचर नजर आई। खिलाड़ियों ने चार अहम कैच छोड़े, जिसके चलते मैच आखिर तक खिंचा।
टीम की खराब फील्डिंग पर विराट कोहली ने कहा कि जब कोई खिलाड़ी कैच छोड़ता है तो आपसे कहीं ज्यादा वो खिलड़ी सबसे ज्यादा निराश होता है जो कैच छोड़ता है। कैच छूटने से कई बार आपको ये बहुत ही भारी पड़ते हैं। खिलाड़ियों में लगन की कोई कमी नहीं है, हमारी बॉडी लैंग्वेज जबरदस्त थी। बता दें कि मैच में दो बार आसान से कैच हार्दिक पांड्या ने छोड़े, एक आसान कैच शार्दुल ठाकुर और एक कैच टी नटराजन ने छोड़ा। हालांकि अच्छी बात यह है कि ये कैच टीम इंडिया को भारी नहीं पड़े और आखिर में टीम इंडिया ने मैच में 7 रन से जीत दर्ज करके वनडे सीरीज को 2-1से अपने नाम कर लिया।