एशियाई खेलों में क्रिकेट टीम नहीं
बीसीसीआई ने घोषणा की है कि वो एशियाई खेलों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम नहीं भेजेगा. नवंबर में होने वाले एशियाई खेलों में पहली बार ट्वेन्टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता शामिल होनी है.
बीसीसीआई ने कहा है कि पुरुष और महिला दोनों टीमें नहीं जाएँगी.चीन में 16 नवंबर से 27 नवंबर तक 16वें एशियाई खेल आयोजित हो रहे हैं.
रत्नाकर शेट्टी ने मुंबई में पत्रकारों को बताया, “हम पुरुष और महिला क्रिकेट टीम को एशियाई खेलों के लिए नहीं भेज पाएँगे क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारा कार्यक्रम पहले से तय है. हमने ये बात भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन को बता दी है."
भारत को उम्मीद थी कि क्रिकेट में उसे पदक मिलेगा लेकिन बीसीसीआई के इस फ़ैसले से भारत की उम्मीदों को झटका लगेगा.
हाल ही में कुवैत में एशियाई ओलंपिक काउंसिल की जनरल असेंबली की बैठक हुई थी जहाँ क्रिकेट को शामिल किए जाने को मंज़ूरी मिली थी.
इसमें भाग लेने के लिए पुष्टि करने का सोमवार को अंतिम दिन था. उम्मीद है कि पाकिस्तान और श्रीलंका एशियाई खेलों में अपनी क्रिकेट टीम भेजेंगे.
इस साल फ़रवरी में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने भी ओलंपिक में क्रिकेट को मान्यता दी थी.
2007 में भी क्रिकेट को ओलंपिक खेलों के लिए मान्यता मिली थी. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इसे ओलंपिक में शामिल करने के मामले में आवेदन नहीं दिया था. आईसीसी के पास आवेदन के लिए दो साल का समय था.
वर्ष 1900 के पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट को जगह मिली थी. लेकिन उसके बाद ये ओलंपिक का हिस्सा नहीं बन पाया.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
