India vs England Rohit sharma completes 200 Sixes at Home joins Elite list of Most Test 100s at home without scoring one away: नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच जारी 4 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल का विकेट डक पर खो दिया। वहीं दूसरे छोर पर खड़े रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की और पारी को संभालने का काम किया। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने जहां पहले चेतेश्वर पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिये 85 रनों की साझेदारी की।
हालांकि इंग्लैंड ने पहले सेशन में ही वापसी करते हुए महज दो रन के अंदर पहले चेतेश्वर पुजारा (21) और फिर विराट कोहली (0) का विकेट लेकर भारतीय टीम को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। जिसके बाद लगा कि शायद भारतीय टीम के लिये वापसी करनी मुश्किल होगी लेकिन रोहित शर्मा ने दूसरे छोर से शानदार बल्लेबाजी करना जारी रखा और अजिंक्य रहाणे के साथ चौथे विकेट के लिये 100 रनों की साझेदारी कर चुके हैं।
अपनी इस पारी के दौरान रोहित शर्मा अब तक 15 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं, जिसकी मदद से हिटमैन ने घरेलू सरजमीं पर एक खास तरह का दोहरा शतक पूरा किया। इन 2 छक्कों के साथ रोहित शर्मा ने घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में 200 छक्के पूरे करने का कारनामा किया। वह इस लिस्ट में सबसे टॉप पर काबिज हैं।
वहीं भारतीय सरजमीं पर सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो महेंद्र सिंह धोनी (179 छक्के) दूसरे, युवराज सिंह (111) तीसरे और कप्तान विराट कोहली (110 छक्के) चौथे पायदान पर काबिज हैं।
और पढ़ें: वसीम जाफर विवाद पर अजिंक्य रहाणे ने साधी चुप्पी, कहा- मुद्दे का पता नहीं
इस दौरान रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का 7वां शतक भी पूरा किया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। रोहित शर्मा अपने इस शतक के साथ विदेशी मैदान पर बिना शतक लगाये घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं।
इस लिस्ट में बांग्लादेश के मोमिनुल हक 10 शतक के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं तो वहीं रोहित शर्मा 7 शतक के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गये हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन, भारत के चंदु बोर्डे और इंग्लैंड के स्टैनली जैक्सन 5 शतक के साथ इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर काबिज हैं।