अहमदाबाद। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक लगाया। मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी को लेकर बात करते हुए कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मुझे नंबर 3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला और मैंने अपनी योजना के अनुसार बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार ने कहा कि जिस तरह से चीजें हुई उससे मैं बहुत खुश हूं, जब मैं बल्लेबाजी के लिए गया तो मेरा प्लान बहुत ही क्लीयर था। आईपीएल में खेलते हुए मैंने उन्हें दो-तीन गेम देखे हैं। जब भी नया बल्लेबाज आता है तो उनका क्या प्लान होता है, ये मुझे पता था। यह मेरे लिए बहुत बड़ा मौका था कि मुझे भारत के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला। वो मेरे खिलाफ शॉर्ट गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन इसके लिए मैंने योजना बनाई थी।
विवादित तरह से हुए आउट
जिस तरह से सूर्यकुमार यादव विवादित तरीके से आउट हुए उसपर उन्होंने कहा कि कुछ चीजें आपके हाथ में नहीं होती हैं, लिहाजा इसको लेकर मैं निराश नहीं हूं। मैं इन चीजों को नियंत्रित नहीं कर सकता हूं। लिहाजा इसपर मैं ध्यान नहीं देता। टीम में खेलने का मौका मिलने को लेकर सूर्य कुमार ने कहा कि मैंने लगातार कड़ी मेहनत की. जैसा कि मैंने पहले कहा कि जो मेरे नियंत्रण में नहीं है उसके बारे में मैं नहीं सोचता हूं। मैंने लगातार मेहनत जारी रखी। मैं अपनी स्किल, फिटनेस पर काम कर रहा था। मैं जानता था कि समय आएगा जब मुझे मौका मिलेगा, मैं मौके का इंतजार कर रहा था।
मैंने अपनी योजना को अच्छे से लागू किया
पहली बार टीम इंडिया की ओर से बल्लेबाजी का मौका मिलने पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इस बात को लेकर मैं उत्साहित था कि टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी करने जा रहा हूं। मैं बहुत खुश था यह जानकर कि मैं मैच में खेलूंगा और नंबर 3 पर बल्लेबाजी करूंगा। मुझे पता था कि जो मैंने पहले किया है बस उसे ही दोबारा यहां करके दिखाना था। मैंने उसी नंबर पर और उन्ही हालात में बल्लेबाजी की। मैं पहले से यह जानता था कि क्या करना है और मैंने वही किया।
बल्लेबाजी क्रम को लेकर कही ये बात
नंबर 3 पर बल्लेबाजी का मौका मिलने पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि पिछले 6-7 सालों में मैंने हर क्रम पर बल्लेबाजी की है। सलामी बल्लेबाजी से लेकर नंबर 7-8 तक मैंने बल्लेबाजी की है। मैं किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकता हूं, टीम मैनेजमेंट जिस भी नंबर पर चाहे मैं बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हूं। मैं इस बात को लेकर बहुत खुश हूं कि मुझे नंबर 3 पर बल्लेबाजी का मौका मिला।
सुबह ही बता दिया गया था
मुझे सुबह बता दिया गया था कि मैं नंबर 3 पर बल्लेबाजी करूंगा, टीम चाहती थी कि मुझे अपनी तैयारी का पर्याप्त समय मिले और मैं खुद को मानसिक रूप से इसके लिए तैयार करूं। मैं बहुत खुश था, मैंने शुक्रिया कहा और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार था। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव ने 31 गेंदों का सामना करते हुए 57 रनों की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने इंग्लैंड के सामने 156 रन का लक्ष्य रखा और मैच में 8 रन से जीत दर्ज करके सीरीज में 2-2 से बराबरी की।