Gautam Gambhir : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) हाल ही में आस्ट्रेलिया दाैरे से टेस्ट सीरीज (Test Series) जीतकर घर लाैटी है। अब घर में उनका सामना इंग्लैंड (England) के खिलाफ होगा। चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच 5 फरवरी को होगा, जिसमें इंग्लैंड टीम 'विराट सेना' को पस्त करने के लिए पूरा जोर लगाएगी। हालांकि भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। लेकिन फिर भी भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भारतीय बल्लेबाजों को सावधान किया है। उन्होंने उस इंग्लिश गेंदबाज का नाम बताया जिससे टीम को सबसे ज्यादा खतरा हो सकता सकता है।
गंभीर के अनुसार, भारतीय टीम को जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) से सबसे ज्यादा खतरा होगा। उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के गेम प्लान शो में मैच को लेकर बात करते हुए कहा कि जोफ्रा आर्चर एक ऐसे गेंदबाज हैं जो भारत के सीरीज जीतने की उम्मीदों को झटका दे सकते हैं। गंभीर ने कहा, ''मुझे लगता है कि जोफ्रा आर्चर सबसे खतरनाक होंगे। अगर आप इस वक्त वर्ल्ड क्रिकेट को देखें तो केवल तीन या चार गेंदबाज ही टॉप पर हैं। पैट कमिंस, कगिसो रबाडा, जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर हालांकि वो पहली बार उपमहाद्वीप में टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि वो कितना लंबा स्पेल डालते हैं।''
उन्होंने आगे यह भी कहा कि विरोधी टीम कप्तान विराट कोहली पर नकेल कसने का प्रयास करेगी। उनके मुताबिक, इंग्लैंड के गेंदबाजों की रणनीति होगी कि वो आसानी से रन ना बनने दें। बता दें कि आर्चर ने अभी तक 11 मैचों में कुल 38 विकेट हासिल किए हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक ज्यादातर टेस्ट मैच तेज गेंदबाजों की मददगार पिचों पर खेली है लेकिन आईपीएल (IPL) में उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। ऐसे में आगामी टेस्ट सीरीज में वो भारत के खिलाफ काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच फरवरी से चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से ये मुकाबला काफी अहम है। अगर भारत ने सीरीज में जीत हासिल की तो फिर वो फाइनल में प्रवेश कर लेगा जहां उनका सामना न्यूजीलैंड से होगा।