Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

ललित मोदी को हटाने की प्रक्रिया शुरू

प्राची पिंगले

बीबीसी संवाददाता, मुंबई से

आईपीएल-3 का फ़ाइनल मैच ख़त्म होते ही ललित मोदी को निलंबन नोटिस के साथ आईपीएल कमिश्नर पद हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने ललित मोदी को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में सोमवार को गवर्निंग काउंसिल बैठक से पहले ये नोटिस दिया है.

मैच के तुरंत बाद आईपीएल के उपाध्यक्ष निरंजन शाह ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की और कहा,''ललित मोदी को हटा दिया गया है.''

ख़बर है कि ईमेल के जरिए बीसीसीआई ने ललित मोदी को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है.

बीसीसीआई चाहता तो पहले भी मोदी को निलंबित कर सकता था, लेकिन उसने ठीक मैच ख़त्म होने के वक्त उन्हें नोटिस भेजा.

माना जा रहा है कि ये ईमेल मोदी को उस वक्त मिला जब वो दर्शकदीर्घा में बैठकर चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच फ़ाइनल मैच देख रहे थे.

इस वक्त मोदी को अपने फ़ोन पर कुछ पढ़ते हुए भी देखा गया था.

सोमवार को आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक होनी है, इस बैठक में मोदी के ख़िलाफ़ लगे आरोपों के बारे में चर्चा की जाएगी.

ललित मोदी ने इस बैठक को आगे बढ़ाने को कहा था, वहीं रविवार को ट्विटर पर मोदी ने ये कहकर सभी को चौंका दिया था कि वो इस बैठक में भाग लेंगे.

ट्विटर पर उन्होंने लिखा था, "मैं चेयरमैन और कमिश्नर के रूप में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लूँगा. मैंने गवर्निंग काउंसिल की बैठक का एजेंडा जारी कर दिया है."

पिछले दिनों आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और ललित मोदी के बीच ठन गई थी.

ललित मोदी ने गवर्निंग काउंसिल की बैठक बुलाने के मामले में चुनौती देते हुए कहा कि सिर्फ़ उन्हें ही ये बैठक बुलाने का अधिकार है.

आईपीएल-4 में कोच्चि टीम की बोली लगाने को लेकर शुरू हुए विवाद में नित नए अध्याय जुड़ रहे हैं.

शशि थरूर के विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफ़ा देने के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने आईपीएल और कई टीमों के दफ़्तरों पर छापे मारे.

आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने ललित मोदी से पूछताछ भी की. आईपीएल में टीमों की बोली लगने की प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं और लेन-देन के मामले में भी कई गंभीर आरोप लगे हैं.

इन सभी आरोपों के केंद्र में आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी हैं.

हालाँकि ललित मोदी ने शनिवार को ट्विटर पर कहा था कि उन पर त्यागपत्र देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वे इस्तीफ़ा नहीं देंगे.

उन्होंने यह भी कहा था कि वे आईपीएल ख़त्म होने के बाद उन लोगों को बेनक़ाब कर देंगे, जो क्रिकेट को बदनाम कर रहे हैं.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:19 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+