
रोहित ने पूरा किया 3000 रनों का आंकड़ा
जवाब में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा (56) और केएल राहुल के दम पर इस स्कोर को महज 15 ओवर में ही हासिल कर लिया और 9 विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम के लिये गेंदबाजी में जहां रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने 3-3 विकेट चटकाये तो वहीं पर जसप्रीत बुमराह के खाते में भी 2 विकेट आये।
वहीं रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिये सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने विस्फोटक शुरुआत की और टी20 करियर का 24वां अर्धशतक पूरा कर जीत की नींव रखी। रोहित शर्मा ने केएल राहुल के साथ इस मैच में पहले विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी की, जिसमें 37 गेंदों का सामना कर उन्होंने 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 57 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 3 हजार रनों के आंकड़े को भी पार कर लिया।

गप्टिल-विराट के क्लब में हुए शामिल
इस मैच से पहले रोहित शर्मा को 3 हजार रनों के आंकड़े को पार करने के लिये 18 रनों की दरकार थी, जहां पर रोहित ने 57 रनों की पारी खेलकर न सिर्फ इस आंकड़े को पूरा बल्कि 3038 रनों के आंकड़े के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने की बात करें तो विराट कोहली सबसे ऊपर काबिज हैं जिन्होंने अब तक 3227 रन बनाये हैं, तो वहीं पर मार्टिन गप्टिल (3115 रन) दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा (3038), एरॉन फिंच (2603) और पॉल स्टर्लिंग (2570) का नाम भी शामिल है। नामिबिया के खिलाफ अर्धशतकीय पारी लगाने के साथ ही रोहित शर्मा अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 3 हजार रन पूरा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली और मार्टिन गप्टिल ही यह कारनामा कर सके हैं।

राहुल ने लगाई अर्धशतकों की हैट्रिक
वहीं रोहित शर्मा के अलावा इस मैच में केएल राहुल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया और टी20 विश्वकप में अर्धशतकों की हैट्रिक पूरी की। केएल राहुल ने इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ 69 रनों की पारी खेली थी तो वहीं पर स्कॉटलैंड के खिलाफ महज 18 गेंदों में 50 रन पूरा किया था। अब नामिबिया के खिलाफ उन्होंने टी20 विश्वकप में अपना लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया और 35 गेंदों में 50 रन बना डाले। केएल राहुल ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद ली और नाबाद 54 रन बनाकर अपनी टीम को मैच जिताया। केएल राहुल के अलावा सूर्यकुमार यादव ने भी 25 रनों का योगदान दिया।


Click it and Unblock the Notifications