नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले टी20 मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली कथित तौर पर आईसीसी नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोहली वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल कर रहे थे। जो कि आईसीसी के नियमों का साफ तौर पर उल्लंघन है। हालांकि आईसीसी की तरफ से इस बारे में कोहली को क्लीन चिट दे दी गई है। खबरों के मुताबिक कोहली अथॉरिटी को जानकारी देने के बाद वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल कर रहे थे। बता दें कि मैच के दौरान किसी भी खिलाड़ी द्वारा कम्युनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल करना आईसीसी के नियमों के उल्लंघन है।
कोहली भारतीय पारी के 15वें ओवर में वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करते पाए गए। टाइम्स नॉव के मुताबिक आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट ने विराट कोहली को क्लीन चिट दे दी है। आईसीसी नियमों के मुताबिक खिलाड़ियों को अपने डग आउट में वॉकी-टॉकी इस्तेमाल करने की अनुमति होती है। कोहली को वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल करते हुए भारतीय बैंटिंग के 15वें ओवर की चौथी गेंद के दौरान देखा गया।
उस समय भारत का स्कोर 139/0 था। बता दें कि इस समय भारतीय सलामी जोड़ी न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रही थी। सैंटनर के इसी ओवर में रोहित शर्मा ने लगातार एक छक्का व दौ चौके जड़े थे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 202 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम 8 विकेट खोकर 149 रन ही बना चुकी। भारत ने न्यूजीलैंड को 53 रनों से हरा दिया।