
हार के खतरे पर जानें क्या बोले बुमराह
दूसरी पारी में महज 90 रन पर 6 विकेट खो देने के बाद भारतीय टीम पर एक बार फिर से हार का खतरा मंडरा रहा है। टॉप ऑर्डर के खराब बल्लेबाजी का बचाव करते हुए जसप्रीत बुमराह ने कहा कि हमारी टीम में किसी पर आरोप लगाने का कल्चर नहीं है।
बुमराह ने कहा, ‘देखिए, हम किसी पर दोष नहीं मढ़ना चाहते। हमारी टीम संस्कृति में हम किसी पर दोष डालने की कोशिश नहीं करते। किसी दिन अगर गेंदबाजी इकाई के रूप में हम विकेट हासिल नहीं करते तो यह बल्लेबाजों को हक नहीं देता कि वे हमारे बारे में बात करें, क्या ऐसा नहीं है?'

पंत और विहारी के भरोसे टीम इंडिया
दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम के लिये क्रीज पर पर ऋषभ पंत 1 और हनुमा विहारी 5 रन बनाकर खेल रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए जसप्रीत बुमराह ने कहा हमें ऋषभ पंत और हनुमा विहारी की क्षमताओं पर भरोसा है कि वो विरोधी टीम को तीसरे दिन मुश्किल में डाल सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘एक टीम के रूप में हम कड़ी टक्कर देना चाहते हैं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं लेकिन स्थिति सभी के सामने है। हमारे दो बल्लेबाज बचे हैं और हम कल भी पारी को लंबा खींचने का प्रयास करेंगे। हम प्रयास कर सकते हैं और कड़ी मेहनत कर सकते हैं और जितना अधिक हो उतने रन बना सकते हैं और फिर देखते हैं क्या होता है।'

आलोचना से फर्क नहीं पड़ता
बुमराह को वनडे सीरीज और फिर पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें पता है कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं तब तक इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा, ‘एक इकाई के रूप में हम एक दूसरे के काफी करीब हैं और हम कड़ी मेहनत करते हैं। हमने उम्मीद से अधिक विकेट गंवाए लेकिन हम किसी को दोष नहीं देते और एकजुट रहने की कोशिश करते हैं।'

निजी प्रदर्शन पर ध्यान नहीं देते जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने कहा कि वह आलोचना पर ध्यान नहीं देते और उन्हें उसका कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्हें सिर्फ इस चीज का फर्क पड़ता है कि उनकी मानसिकता सही है या नहीं। उन्होंने कहा कि उनकी मानसिकता निजी प्रदर्शन पर नहीं बल्कि एक टीम यूनिट के तौर पर प्रदर्शन करने की होती है।
भारतीय पेसर बुमराह ने कहा, ‘मैं निजी प्रदर्शन पर ध्यान नहीं देता। आपका ध्यान प्रक्रिया को सही रखने पर होता है और आप अच्छी गेंदबाजी करने का प्रयास करते हो। आप दबाव बनाने की कोशिश करते हो। किसी दिन मुझे विकेट मिलते हैं तो किसी दिन किसी और को। मेरा ध्यान हमेशा इस पर रहता है कि मैं क्या कर सकता हूं।'

टीम के लिये मौके बनाकर खुश हैं बुमराह
बुमराह को खुशी है कि वह और शमी लगातार मौके बनाने में सफल रहे।
हेगले ओवल की पिच से मिल रही मदद पर बुमराह ने कहा, ‘पहले दिन पिच में नमी थी और इसके कारण जब उन्होंने (न्यूजीलैंड ने) गेंदबाजी की तो कुछ निशान पड़ गए। दोनों टीमों को सीम मूवमेंट मिल रही थी और गेंदबाजों के पास मौका रहा और अगर आप सही लाइन और लेंथ से गेंदबाजी कर रहे हैं तो आप दबाव बना सकते हैं।'


Click it and Unblock the Notifications
