
नई दिल्ली। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा मैच 7 विकेट से जीतकर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही भारत ने सीरीज में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली है। यह भारत की कीवीलैंड में 10 साल बाद पहली वनडे सीरीज जीत है। इससे पहले भारत ने 2008-09 में ये उपलब्धि हासिल की थी। मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर से कीवी टीम को 50 ओवरों से पहले ही ( 49 ओवर) 243 रनों पर समेट दिया। जवाब में भारत ने 43 ओवर में तीन विकेट खोकर आसानी से यह लक्ष्य पा लिया।
भारतीय टीम की ओर से रोहित शर्मा (62) और विराट कोहली (60) ने अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि अंबाती रायडू और दिनेश कार्तिक कार्तिक क्रमशः 40 और 38 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं शिखर धवन ने भी 28 रनों की छोटी पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से केवल बोल्ट ही कुछ हद तक प्रभावित कर सके। उन्होंने 10 ओवर में केवल 40 रन देकर 2 विकेट लिए। इससे पहले कीवी टीम ने रॉस टेलर की 93 रनों की शानदार पारी की बदौलत 49 ओवर में 243 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
भारतीय बॉलिंग की बात करें तो एक बार फिर से भारतीय गेंदबाजों ने कीवी ओपनर्स को सस्ते में आउट कर दिया। कोलिन मुनरो (7) दूसरे ही ओवर में शमी की गेदं पर स्लिप में लपके गए जबकि मार्टिन गुप्टिल (13) को भुवी ने अपना शिकार बनाया। उसके बाद केन विलियम्स (28) ने कुछ रन बनाने की कोशिश की लेकिन वे भी चहल की गेंद पर हार्दिक पांड्या की शानदार कैचिंग का शिकार हो गए। उसके बाद लॉथम और टेलर ने एक समय न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में ला दिया था लेकिन चहल को लॉथम को आउट करके भारत की मैच में वापसी करा दी। उसके बाद कीवी टीम के विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरु हुआ वह आखिर तक कायम रहा।
टेलर ने 106 गेंदों में शानदार 93 रन बनाए। शमी ने विकेट के पीछे उनको कैच आउट कराकर भारत को स्लॉग ओवर्स का सबसे बड़ा विकेट दिलाया। शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि भुवी, चहल और पांड्या को दो-दो विकेट मिले। इस मैच के लिए टीम इंडिया में हार्दिक पांड्या की भी वापसी हुई है उनको विजय शंकर के स्थान पर लाया गया है। जबकि अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करके फॉर्म में लौटे महेंद्र सिंह धोनी फिट नहीं होने के कारण मैच में नहीं खेल पाएं। उनके स्थान पर दिनेश कार्तिक ने मिले मौके को बढ़िया भुनाया। इसके अलावा कीवी टीम में भी एक बदलाव हुआ। कोलिन डि ग्रैंडहोम की जगह पर स्पिनर सैंटनर को लाया गया। अब अगला मैच 31 जनवरी को खेला जाएगा। बाकी के मैचों के लिए विराट कोहली को आराम दिया गया है।