
सुरक्षा घेरा तोड़ मैदान में घुस आया शख्स
विराट कोहली ने 44वें ओवर में जैसे ही अपना 32वां वनडे शतक पूरा किया, उनका एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़ मैदान में घुस आया। इस शख्स ने विराट कोहली के नाम की जर्सी पहनी हुई थी और वो विराट को बधाई देने पहुंचा।

मैच को कुछ देर तक रोकना पड़ा
जैसे ही ये फैन लेग अंपायर तक पहुंचा उसे रोक लिया गया और पुलिस ने उसे हिरासत मे ले लिया। फैन के मैदान में घुसने की वजह से मैच को कुछ देर तक रोकना पड़ा। बता दें कि अभी हाल ही में इसी मैदान पर बाहरी लोगों ने घुसपैठ की थी जिसके बाद यहां की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर दिया गया था लेकिन फैन का सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में जाना बड़ी चूक माना जा रहा है।

कोहली ने एबी डिविलियर्स को पछाड़ा
विराट कोहली 106 गेंदों में 113 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि कोहली ने शतक जड़ते ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। ग्रीन पार्क स्टेडियम में विराट कोहली ने वनडे में अपना 32वां शतक पूरा किया। विराट कोहली ने कानपुर वनडे में अपने 9000 रन भी पूरे कर लिए। विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से 9000 वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। विराट कोहली ने सिर्फ 194 पारियों में इस कारनामे को अंजाम दिया। विराट से पहले ये रिकॉर्ड द.अफ्रीकी बल्लेबाज ए बी डीविलियर्स के नाम था जिन्होंने इसके लिए 205 पारियां खेली थी।
बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के शतक की बदौलत 337 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 331 रन ही बना सकी। भारत ने ये मैच 6 रनों से जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली।


Click it and Unblock the Notifications
