कानपुर। कानपुर टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 215 रनों की बढ़त बना ली है। मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा अर्धशतक लगाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। दूसरी पारी में भारत ने अभी तक केवल केएल राहुल का विकेट खोया है। राहुल 38 रन बनाकर आउट हुए हैं।
इससे पहले तीसरे दिन खेल की शुरूआत होने पर भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 262 रनों पर समेट दिया।
ऑलराउंडर अजय जडेजा और फिरकी गेंदबाज आर अश्विन की उंगलियों के जाल में फंसी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 262 रनों पर ही ढेर हो गई।
रविंद्र जडेजा ने 5 और आर अश्विन ने 4 विकेट झटककर कीवी टीम को सस्ते में ही समेट दिया। इससे पहले मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम विकेटों के लिए संघर्ष करती नजर आ रही थी।
दूसरी पारी में टीम इंडिया की ओर से सलामी बल्लेबाज मुरली विजय 64 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर चेतेश्वर पुजारा भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए 50 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारत की ओर से केएल राहुल 38 रन बनाकर आउट हो गए हैं।
यह मैच ऐतिहासिक है क्योंकि यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट का 500वां टेस्ट मैच है। भारत के लिए यह टेस्ट सीरीज इसलिए भी अहम है क्योंकि इसे जीतकर वह टेस्ट रैंकिंग में पाकिस्तान को हटाकर टॉप रैंकिंग पर पहुंच सकता है।
इस टेस्ट मैच से पहले ईशांत शर्मा चिकनगुनिया की वजह से बाहर हो चुके हैं। इसके साथ ही सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है।
टीमें इस प्रकार हैं
भारत: मुरली विजय, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, आर अश्विन, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, उमेश यादव, मोहम्मद शमी
न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, डग ब्रेसवेल, मार्क क्रेग, मार्टिन गुप्टिल, टॉम लाथम, जिमी नीशम, हेनरी निकोल्स, ल्यूक रोंची, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, नील वैग्नर, बीजे वाटलिंग