
विदेश में चौथी बार भारत का हुआ सूपड़ा साफ
विदेशी सरजमीं पर 3 या उससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज खेलने उतरी भारतीय टीम के इतिहास में यह चौथा मौका है जब उसे क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। हालांकि भारत को यह क्लीन स्वीप 31 साल बाद मिली है। यह पहली बार है जब भारत को वेस्टइंडीज के अलावा किसी और टीम ने क्लीन स्वीप किया है। भारत को 1983-84 में पहली बार 0-5 से वेस्टइंडीज ने अपने घर में हराया था जिसके बाद दूसरी बार वेस्टइंडीज ने 1988-89 में एक बार फिर 5-0 से हराया था। वेस्टइंडीज के हाथों क्लीन स्वीप के 31 साल बाद यह पहला मौका है जब भारतीय टीम को कीवी टीम से हार का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि 2006-07 में साउथ अफ्रीका दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को 5 मैचों की सीरीज में 4-0 से हार का सामना करना पड़ा था। एक मैच बारिश की वजह से धुल जाने की वजह से क्लीन स्वीप में नहीं गिना गया।

करियर में पहली बार विकेटलेस रहे जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के नंबर 1 तेज गेंदबाज और यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह ने शर्मनाक रिकॉर्ड बना लिया। 2016 में भारतीय टीम के लिये डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी के लिये यह पहली ऐसी सीरीज रही जिसमें वह एक भी विकेट निकाल पाने में असफल रहे। 3 मैचों की वनडे सीरीज में जसप्रीत बुमराह एक भी विकेट निकाल पाने में नाकाम रहे। वहीं इस सीरीज के दौरान तेज गेंदबाज स्पिन के मुकाबले ज्यादा महंगे साबित हुए।

भारत के लिये कीवी टीम का दूसरा सबसे सफल चेज
न्यूजीलैंड की टीम ने इस सीरीज के दौरान भारत के खिलाफ अपना सबसे सफल चेज हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया। पहले मैच में 347 रनों का सफल पीछा करते हुए कीवी टीम ने यह रिकॉर्ड बनाया। वहीं सीरीज के आखिरी मैच में भी कीवी टीम ने 296 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। यह वनडे इतिहास में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड का दूसरा सबसे सफल चेज है। कीवी टीम ने यह दोनों चेज इसी सीरीज के दौरान हासिल किये।


Click it and Unblock the Notifications
