India vs New Zealand - भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में अपनी बल्लेबाजी के चलते आलोचना का शिकार हुए महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में तीसरे मैच में विकेट के पीछे अपनी फुर्ती से आलोचकों को जवाब दिया है। आठ ओवर के इस मैच में अहम मौके पर धोनी ने दो ऐसे कारनामे किए, जिनसे मैच भारत की झोली में आ गया। मैन ऑफ द मैच बुमराह के सातवें ओवर में मैच को भारत की तरफ मोड़ने में धोनी की अहम भूमिका रही।
न्यूजीलैंड को आठ ओवर में जीत के लिए 68 रन बनाने थे। मैच में न्यूजीलैंड ने छह ओवर में चार विकेट पर 39 रन बना लिए थे और दो ओवर में उसे 29 रन बनाने थे। ऐसे में सातवां ओवर बेहद अहम था, जिसे बुमराह लेकर आए। पहली तीन बॉल पर पांच रन बने थे। चौथी बॉल बुमराह ने टॉम ब्रूस के लेग साइड में फेंकी। गेंद बहुत बाहर थी लेकिन धोनी ने शानदार ड्राइव के जरिए गेंद को चार रन के लिए जाने से बचा लिया। इसके बाद पांचवी गेंद पर ब्रूस को शानदार तरीके से रनआउट भी कर दिया। टॉम ब्रूस के रन आउट ने न्यूजीलैंड को मैच से बाहर कर दिया। मैच को भारत ने छह रन से जीता।