IND vs PAK: पावरप्ले में पाकिस्तान ने भारत से जीती जंग, रोहित-राहुल को सस्ते में भेजा पवेलियन
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में सुपर 12 का दौर जारी है और इसी फेहरिस्त में रविवार को दुबई के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच महामुकाबला खेला जा रहा है। दुनिया भर के फैन्स इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जिसमें टॉस काफी अहम भूमिका निभाने वाला था। दुबई के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दुबई के मैदान के लिये कहा जाता है कि जो भी टीम यहां पर टॉस जीतती है वो आधा मैच जीत जाती है और ऐसा ही कुछ नजारा हमें पावरप्ले के दौरान देखने को मिला, जिसमें पाकिस्तान की टीम ने बेहद शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और भारतीय टीम के टॉप 3 बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेज दिया।
भारत के लिये पारी का आगाज करने आये रोहित शर्मा और केएल राहुल ने थमी हुई शुरुआत करने की कोशिश की हालांकि शाहीन शाह अफरीदी ने अपने पहले ही ओवर में पाकिस्तान को सफलता दिलाते हुए रोहित शर्मा का विकेट झटक लिया। राहुल ने पहली 3 गेंदों में एक रन लेकर रोहित शर्मा को स्ट्राइक पर बुलाया लेकिन शाहीन अफरीदी ने पहली ही गेंद पर उन्हें अपनी अनप्लेयबल डिलिवरी से एलबीडब्लयू कर भारतीय टीम को बड़ा झटका दिया।
रोहित शर्मा गोल्डन डक पर आउट होकर वापस पवेलियन लौटे, जिसके कप्तान विराट कोहली और केएल राहुल ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन शाहीन शाह अफरीदी ने अपने दूसरे ओवर में केएल राहुल को बोल्ड कर भारत के दोनों ओपनर्स को वापस पवेलियन भेज दिया। भारतीय टीम ने महज 6 रन के स्कोर पर अपने 2 विकेट खो दिये और साफ लग रहा था कि वो अब मुश्किलों में घिरती जा रही है।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये सूर्यकुमार यादव ने कुछ विस्फोटक शॉट खेलकर कप्तान विराट कोहली के साथ 27 रनों की साझेदारी की लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में वो भी हसन अली की गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमाकर वापस लौट गये। सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 11 रनों की पारी खेली लेकिन हसन अली की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पीछे चली गई।
और पढ़ें: IND vs PAK: दुबई के मैदान पर लगेगी रिकॉर्डों की झड़ी, भारत-पाक मुकाबले में खिलाड़ी रचेंगे इतिहास
विराट कोहली ने भी इस दौरान शाहीन शाह अफरीदी के खिलाफ बड़ा छक्का लगाकर टीम की उम्मीदों को बरकरार रखा है। पावरप्ले के समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर 36 रन बना लिये। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि पाकिस्तानी गेंदबाजों ने पावरप्ले में भारत के साथ हुई जंग में भारतीय बल्लेबाजों को पटखनी दी, जिसके चलते वह मैच में पकड़ बनाये हुए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications