
भारत ने जोहांसबर्ग में पहला टी-20 मैच 28 रन से जीता
पिछले मैच में मिली हार के झटके से उबरते हुए विराट कोहली की टीम आठ सप्ताह लंबे इस दौरे को एक और सीरीज जीतकर अंजाम तक पहुंचाना चाहेगी। भारत ने जोहांसबर्ग में पहला टी-20 मैच 28 रन से जीता। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने सेंचुरियन में छह विकेट से जीतकर बराबरी की। भारतीय टीम के लिए चिंता की बात स्पेशलिस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का फिट न होना है। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने दूसरे टी20 मैच में जिस तरह से धमाकेदार जीत हासिल की है, उसे देखते हुए विराट कोहली की टीम को कल जीत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा। जसप्रीत बुमराह पेट में खिंचाव के कारण दूसरे टी20 की टीम से बाहर रहे थे। अभी भी उनका खेलना तय नहीं है।

अफ्रीकी धरती पर एक ही दौरे पर लगातार दो सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बनाएगी
भारत ने न्यूलैंड्स पर कभी टी20 क्रिकेट नहीं खेला है। यहां भारत का यह पहला टी20 मैच है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने यहां आठ टी20 मैच खेले हैं जिसमें से उसने 5 गंवाए हैं। उसे केवल 2 ही मैचों में जीत हासिल हुई है। एक जीत 2007 टी20 वर्ल्ड कप में मिली और दूसरी जीत द्विपक्षीय सीरीज में एकमात्र जीत 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। अगर भारत कल का मुकाबला जीत जाता है, तो ऐसा पहला मौका होगा जब यह भारतीय टीम अफ्रीकी धरती पर एक ही दौरे पर लगातार दो सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बनाएगी। हालांकि इससे भारत ने दक्षिण अफ्रीका में एक सिंगल सीरीज भी नहीं जीती थी।

भारतीय गेंदबाजों को क्लासेन के खिलाफ खास रणनीति बनानी होगी
पिछले मैच में कार्यवाहक कप्तान जेपी ड्यूमिनी ने कप्तानी पारी खेली थी। अफ्रीकी बल्लेबाजों ने खासकर भारतीय स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल की जमकर धुनाई की थी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोहली टीम में कोई बदलाव करते हैं या नहीं? ड्युमिनी के अलावा हेनरिक क्लासेन ने भी कमाल की पारी खेली थी। क्लासेन ने 30 गेंदों में 69 रन बना डाले। उनको देखकर लगा कि वे स्पिन गेंदबाजी को अच्छे से खेलते हैं। भारतीय गेंदबाजों को क्लासेन के खिलाफ खास रणनीति बनानी होगी। भारतीय तेज गेंदबाजों में जयदेव उनादकट काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने 9.78 की औसत से 75 रन दिए। युजवेंद्र चहल ने आठ ओवर में 103 रन देकर एक विकेट लिया। ऐसे में कोहली गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव की सोच सकते हैं।

मध्यक्रम में कोहली और मनीष पांडे का फॉर्म में लौटना टीम के लिए अच्छी खबर
बल्लेबाजी की बात करें तो अफ्रीकी टीम में भी बदलाव हो सकता है। जहां जेजे स्मुट्स बतौर ओपनर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं तो वहीं डेविड मिलर भी कोई खास छाप नहीं छोड़ पाए। इसके अलावा भारतीय टीम में रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि भारतीय मध्यक्रम में कोहली और मनीष पांडे का फॉर्म में लौटना टीम के लिए अच्छी खबर है। इसके अलावा दूसरे टी20 में धोनी ने भी दिखा दिया कि उनके बल्ले में पॉवर अभी भी बांकी है।
भारत: विराट कोहली ( कप्तान ), शिखर धवन, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, एम एस धोनी, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट, शरदुल ठाकुर।
दक्षिण अफ्रीका: जेपी डुमिनी ( कप्तान ), फरहान बेहार्डियेन, जूनियर डाला, रीजा हेंडरिक्स, क्रिस्टियान जोंकर, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, क्रिस मौरिस, डेन पीटरसन, आरोन फागिंसो, एंडिले पी, तबरेज शम्सी, जोन जोन स्मट्स।


Click it and Unblock the Notifications

