
प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव संभव
तीसरे टेस्ट में चयन की गलतियों से उबरकर भारत का लक्ष्य सीरीज में सफाये की शर्मिंदगी से बचना होगा। दूसरे टेस्ट में हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान विराट कोहली टीम चयन पर किए गए सवालों पर भड़क गए थे, लेकिन देखा जाए तो उनके सामने सबसे बड़ा चैलेंज टीम चयन ही है। तीसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव संभव हैं। भुवनेश्वर की वापसी की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में पहले दोनों टेस्ट में अपने चयन से चौंकाने वाले जसप्रीत बुमराह बाहर रहेंगे। भारतीय कप्तान एक और बदलाव कर सकते हैं। तीन दिन के ब्रेक के बाद रविवार को जब टीम यहां जुटी तब से अजिंक्य रहाणे लगातार नेट पर अभ्यास कर रहे हैं। पिछले 2 दिन में उन्होंने चार लंबे अभ्यास सत्रों में भाग लिया और उनका खेलना तय लग रहा है चूंकि रोहित शर्मा चार पारियों में 78 रन ही बना सके हैं। रहाणे की वापसी के बावजूद यह तय नहीं है कि रोहित बाहर होंगे।

ओपनिंग जोड़ी में फिर बदलाव!
केप टाउन में भारत की तरफ से शिखर धवन और मुरली विजय ने ओपनिंग की थी। दोनों ने क्रमशः पहली और दूसरी पारी में 1, 16, 13, 16 रन बनाए। नतीजा अगले मैच में ओपनिंग जोड़ी के तौर पर धवन को बाहर रखककर कोहली ने केएल राहुल को मुरली विजय के साथ मैदान पर भेजा। लेकिन इस बार भी जोड़ी फ्लॉप रही। जहां मुरली विजय ने (49, 9) रन बनाए तो वहीं केएल राहुल (10, 4) रन ही बना सके। इस हिसाब से एक बार फिर से ओपनिंग में बदलाव हो सकता है। वहीं विकेट कीपर के तौर पर पार्थिव पटेल ने भी दूसरे मैच में कोई खास प्रदर्शन नहीं किया था बल्कि कई मौके भी गंवाए। चोटिल साहा की जगह पर अब दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल किया है। मतलब कि पार्थिव की जगह अब कार्तिक का खेलना तय माना जा रहा है?

एक बार फिर हरी पिच पर होगी टीम इंडिया की अग्नि परीक्षा
वांडरर्स पर भारत का रिकार्ड अच्छा रहा है। भारत ने इस मैदान पर चार टेस्ट ( नवंबर 1992 , जनवरी 1997, दिसंबर 2006 और दिसंबर 2013 ) खेले हैं और एक भी गंवाया नहीं है। भारत ने यहां 2006 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टेस्ट जीता था, जिसमें श्रीसंत ने 99 रन देकर आठ विकेट लिये थे। 11 साल बाद भारतीय टीम उसी हरी भरी और उछाल भरी पिच पर खेलेगी। पिच क्यूरेटर बेथूएल बूथेलेजी ने रविवार को कहा था कि अब पिच पर से घास नहीं हटाई जाएगी।

दक्षिण अफ्रीका अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी आजमा सकता है
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका किसी तरह की दुविधा में नहीं है। सलामी बल्लेबाज एडेन मार्कराम दूसरे टेस्ट में जांघ में लगी चोट के बाद लौटेंगे। वैसे दक्षिण अफ्रीका अपनी बेंच स्ट्रेंथ को भी आजमा सकता है चूंकि उसे आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। वैसे सेंचुरियन टेस्ट के बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने संकेत दिए थे कि उनकी नजरें नंबर वन रैंकिंग पर है, इसके लिए उन्हें भारत को 3-0 से हराने के अलावा ऑस्ट्रेलिया को भी 2-0 से मात देनी होगी।


Click it and Unblock the Notifications

