
निश्चित तौर पर हम 5-1 से जीतना चाहते हैं
कोहली ने कहा था कि, ‘इस सीरीज को जीतने के बाद हम बैठकर विचार करेंगे कि कहां सुधार किया जा सकता है। फिलहाल 4-1 काफी अच्छा लग रहा है। निश्चित तौर पर हम 5-1 से जीतना चाहते हैं, लेकिन इन हालात में अगले मैच में कुछ और खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है, लेकिन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता जीतना है और हम जीतने के लिए कुछ भी करेंगे।' अब जब टीम इतिहास रच चुकी है तो ऐसे में खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का भी अच्छा मौका है।

इन्हें मिल सकता है मौका
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने श्रीलंका में सीमित ओवरों की सीरीज के बाद से लगातार क्रिकेट खेला है जिसमें 19 वनडे, छह टी20 मैच और दो टेस्ट शामिल हैं। जसप्रीत बुमराह भी 20 वनडे और आठ टी20 खेल चुके हैं। टेस्ट सीरीज खेलने के बाद से उनका कार्यभार और बढ़ गया है। इन दोनों को आराम की जरूरत है, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि विराट दूसरे तेज गेंदबाजों में भरोसा जता पाते हैं या नहीं। मोहम्मद शमी ने वर्ल्डकप 2015 के बाद सिर्फ तीन वनडे खेले हैं। मौजूदा टीम में चौथे तेज गेंदबाज शरदुल ठाकुर ने दो वनडे ही खेले हैं। भारत के लिए मध्यक्रम की बल्लेबाजी पर भी गौर करने की जरूरत है। इस सीरीज में चौथे से सातवें नंबर के बल्लेबाजों के बीच सिर्फ एक अर्धशतक बना है। अजिंक्य रहाणे ने डरबन में अर्धशतक बनाया जबकि एमएस धोनी ने वांडरर्स पर 43 गेंद में नाबाद 42 रन बनाए।

पांडे या कार्तिक को मिल सकता है मौका
यहां मोहम्मद शमी और शर्दुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा टीम इंडिया अपने रिस्ट स्पिनर्स को आराम दे सकती है और अक्षर पटेल को मौका मिल सकता है। मध्यक्रम की बात करें तो रहाणे सीरीज में खासा प्रभाव नहीं छोड़ पाए तो उनकी जगह पर मनीष पांडे या दिनेश कार्तिक को मौका दिया जा सकता है। वर्ल्डकप 2019 को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन निश्चित ही दूसरे गेंदबाजों को आजमाना चाहेगा। श्रेयस अय्यर दोनों मैचों में अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

पलटवार करने के इरादे से उतरेगी अफ्रीका
वहीं दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो कप्तान मार्करम के लिए ये मैच अहम होगा। सीरीज हारने के बाद मार्करम ने कहा था कि, ‘मेरा मानना है कि हमें सीरीज में उनके स्पिनरों को बेहतर तरीके से खेलना था। यह सीखने की प्रक्रिया है। अब भी खेल में काफी कुछ गर्व करने वाला है और हम सीरीज का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहेंगे।'

दूसरी जीत के लिए तरस रहे हैं कप्तान मार्करम
वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। उससे पहले कोहली सीरीज का सकारात्मक अंत चाहते हैं। लेकिन अफ्रीकी टीम अपनी सरजमीं पर ये बेइज्जती इतनी आसानी से बर्दाश्त नहीं करने वाली। हालांकि टीम में डिविलिर्स के लौटने से काफी सकारात्मकता आई है। लेकिन फिर भी वे कप्तान मार्करम को उनकी दूसरी जीत दिलाने में असफल रहे। कप्तान के तौर पर मार्करन प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं शायद इसीलिए उन्हें टी20 सीरीज के लिए कप्तान नहीं बनाया है। उनकी जगह पर जेपी ड्युमिनी को भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है।


Click it and Unblock the Notifications

