जोहान्सबर्ग। टेस्ट सीरीज और वनडे सीरीज के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच न्यू वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान जेपी ड्युमिनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लेकिन अफ्रीकी टीम को तब बड़ा झटका लगा जब डिविलियर्स मैच से बाहर हो गए। वनडे सीरीज में बुरी तरह मार खाने के बाद टी20 सीरीज में जीत की उम्मीद से मैदान में उतरी अफ्रीकी टीम के लिए ये बड़ा झटका है। एबी डिविलियर्स चोट के कारण पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।
घुटने की चोट के कारण एबी डिविलियर्स भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। सेंचुरियन में भारत के खिलाफ हाल ही में छठे वनडे मैच के दौरान डिविलियर्स को चोट लगी थी जिसके बाद तीन मैचों की टी20 सीरीज में भाग लेने के लिए वह पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए। बता दें कि इससे पहले चोट के कारण फाफ डु प्लेसिस और क्विंटन डी कॉक पहले से ही भारत के खिलाफ सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
बता दें कि डिविलियर्स इससे पहले वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से बाहर रहे थे। चोट से वापसी करते हुए डिविलियर्स ने चौथे वनडे में वापसी की थी लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे। दक्षिण अफ्रीका के टीम मैनेजर डॉ मोहम्मद मूसाजी ने कहा, "एबी डिविलियर्स बाएं घुटने की चोट के कारण भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भाग लेने में सक्षम नहीं होंगे।"
वहीं क्लासेन और जूनियर डाला अपना टी20 डेब्यू करेंगे। भारतीय टीम में सुरेश रैना, मनीष पांडे और जयदेव उनादकट की वापसी हुई है। बता दें कि तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से हारने के बाद भारत ने 6 मैचों की वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से बुरी तरह हराया।