IND vs SA: साउथ अफ्रीका दौरे पर राहुल द्रविड़ के सामने क्या होगी चुनौती, पूर्व ऑलराउंडर ने किया खुलासा
नई दिल्ली। भारतीय टीम इस समय 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिये साउथ अफ्रीका दौरे पर पहुंची है, जहां पर विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम पहली बार टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचने की कोशिश करती नजर आयेगी। भारतीय टीम के नये हेड कोच राहुल द्रविड़ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर कोचिंग करियर का आगाज किया, जिसके बाद टेस्ट सीरीज में भी 1-0 से जीत हासिल की। हालांकि साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली यह सीरीज उनके लिये आसान नहीं रहने वाली है और कई सारी चुनौतियां लेकर आ रही है। भारतीय क्रिकेट टीम 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 26 दिसंबर से सेंचुरियन के मैदान पर करेगी।
और पढ़ें: U19 World Cup 2022 के लिये बीसीसीआई ने किया टीम का ऐलान, जानें कौन हैं यश धुल जो बने कप्तान
भारत ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर कभी भी कोई टेस्ट सीरीज अपने नाम नहीं की है और अगर राहुल द्रविड़ यह जीत हासिल करने में कामयाब हो जाते हैं तो राहुल द्रविड़ के लिये बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। आखिरी बार जब भारतीय टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर गई थी तो उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

जीत से पहले यह करने की होगी चुनौती
भारतीय क्रिकेट टीम के नये हेड कोच राहुल द्रविड़ अपने पहले बड़े प्रोजेक्ट की तैयारियों में जुटे हुए हैं तो वहीं पर भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी रतिंदर सिंह सोढ़ी का मानना है कि द्रविड़ के सामने इस दौरे पर कई सारी चुनौतियां हैं, जिसमें सिर्फ जीत हासिल करना नहीं बल्कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच खुद को संभालना भी जरूरी है। उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा को हाल ही में वनडे प्रारूप की कमान दी गई है, जिसके बाद दोनों के बीच खटपट की खबरें सामने आयी थी, हालांकि कोहली ने इन सभी खबरों को बकवास करार दिया।
इंडिया न्यूज से बात करते हुए सोढी ने कहा,'द्रविड़ के सामने हालिया विवाद के बाद काफी बड़ी चुनौती है कि वो टीम को इससे बाहर निकालें। यह राहुल द्रविड़ के लिये एसिड टेस्ट जैसा रहेगा। अगर हम रोहित और विराट की बात करें तो तो उन्हें साथ लाने और एक साथ खड़ा करने की जिम्मेदारी द्रविड़ की होगी। अगर दोनों के बीच ऑपिनियन का अंतर है तो राहुल को उसे पहले सुलझाना पड़ेगा।'

बल्लेबाजों को भी करना होगा तैयार
सोढी का मानना है कि राहुल द्रविड़ विदेशी परिस्थितियों में भारतीय टीम की बल्लेबाजी यूनिट पर काम करते नजर आयेंगे।भारतीय क्रिकेट टीम सेंचुरियन के मैदान पर अभ्यास करती नजर आ रही है, जहां पर राहुल द्रविड़ विराट कोहली को बल्लेबाजी की टिप्स देते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा,'यह दौरा ऐसा होगा जहां पर भारतीय टीम को अलग परिस्थितियों में खेलना पड़ेगा। साउथ अफ्रीकी टीम के पास बेहद शानदार गेंदबाजी लाइन अप है और राहुल द्रविड़ को वहां पर काफी काम करना पड़ेगा। राहुल द्रविड़ को यह बताना होगा कि साउथ अफ्रीका दौरे पर बल्लेबाजों को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है। हमने घरेलू सीरीज में काफी शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन यह दौरा उनके लिये मुश्किल होने वाला है। अगर राहुल अपनी टीम से अच्छा प्रदर्शन कराने में कामयाब रहती है तो उनके पास जो सम्मान है वो बतौर कोच दुनिया भर में बढ़ जायेगा। तो हां यह एक बड़ा टेस्ट होने वाला है न सिर्फ भारतीय टीम के लिये बल्कि राहुल द्रविड़ के कोच के रूप में भी।'

साउथ अफ्रीका दौरे पर जीत हासिल करेगी विराट सेना
भले ही भारतीय टीम अभी तक साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है, वहीं पर सोढ़ी ने भविष्यवाणी कि है कि राहुल द्रविड़ की टीम इस दौरे पर जीत हासिल करने में कामयाब रहेगी। भारतीय टीम के पास जिस क्वालिटी के खिलाड़ी हैं उसका जीत हासिल करना पक्का है।
उन्होंने कहा,'हमारे पास जिस तरह की टीम है और जिस तरह से राहुल द्रविड़ उनका उत्साह बढ़ाते हैं, मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर जीत हासिल करने में कामयाब रहने वाली है। हमारे पास काफी संतुलित टीम है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications