'सिर्फ जीत ही नहीं क्लीन स्वीप करेगा भारत', सेंचुरियन टेस्ट की जीत के बाद पूर्व चयनकर्ता ने की भविष्यवाणी
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के मैदान पर खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने 113 रनों की ऐतिहासिक जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम ने यह मैच सिर्फ साढ़े 3 दिन में जीत लिया और साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर इतिहास रचने के अपने इरादे को साफ कर दिया। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार रहा जब किसी एशियाई टीम ने साउथ अफ्रीका की टीम को सेंचुरियन के मैदान पर हराया तो वहीं पर ओवरऑल मामले में भारत यह कारनामा करने वाली तीसरी टीम बनी। भारत से पहले यह कारनामा इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम कर चुकी है।
और पढ़ें: घरेलू क्रिकेट पर फिर पड़ी कोरोना की मार, ओमिक्रॉन के चलते BCCI ने रद्द की विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2022
भले ही यह भारतीय क्रिकेट टीम की साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर महज चौथी ही जीत है लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व चयनकर्ता शरणदीप सिंह का मानना है कि विराट सेना इस बार इतिहास बदलने में कामयाब होगी और ऑस्ट्रेलिया के बाद साउथ अफ्रीका को उसके घर पर हराने वाली पहली भारतीय टीम बनेगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने अब तक 7 बार साउथ अफ्रीका का दौरा किया है जिसमें से सिर्फ एक बार ही वो सीरीज बराबर कर सकी है जबकि 6 बार हार का सामना करना पड़ा है।
और पढ़ें: WTC प्वाइंटस टेबल: ऐतिहासिक जीत के बाद जानें क्या है भारत का हाल, सबसे ज्यादा अंक फिर भी टॉप पर नहीं

साउथ अफ्रीका को 3-0 से क्लीन स्वीप करेगी विराट सेना
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर शरणदीप सिंह का मानना है कि विराट कोहली के नेतृत्व वाली यह भारतीय टीम न सिर्फ सीरीज में जीत हासिल करेगी बल्कि उन्होंने भारतीय टीम की जीत के अंतर को लेकर भी भविष्यवाणी की है। भारतीय टीम के इस पूर्व दिग्गज का मानना है कि साउथ अफ्रीकी टीम का बल्लेबाजी विभाग काफी कमजोर है जिसकी वजह से भारतीय टीम उनका सूपड़ा साफ करने में कामयाब होगी।
एनडीटीवी स्पोर्टस से बात करते हुए शरणदीप सिंह ने कहा,'जी हां, हम भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका में 3-0 से टेस्ट सीरीज जीतते हुए देख रहे हैं क्योंकि उनकी बल्लेबाजी बहुत अच्छी नजर आ रही है। साउथ अफ्रीका की टीम में फिलहाल डीन एल्गर, एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ही बल्लेबाजी में दबाव कम करने का माद्दा रखते है, अगर इन्हें बाहर कर दिया जाये तो उनकी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने काफी कमजोर नजर आती है। यह बारिश के खलल की वजह से मैच पांचवे दिन तक पहुंचा वरना आप ऐसे मैचों को 3 से 4 दिन में खत्म होता देखते हैं।'

विराट ने गेंदबाजों का किया सही इस्तेमाल
शरणदीप सिंह ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के गेंदबाजी बदलावों के निर्णय को लेकर जमकर तारीफ की और मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम का सरप्राइज पैकेज कहा। पूर्व चयनकर्ता ने भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ को साउथ अफ्रीका सरजमीं पर मिली पहली जीत के लिये बधाई दी और कहा कि इस टीम को उसके गढ़ में हराना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा,' जी हां, यह काफी बड़ी खबर है, सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका को हराने वाली पहली एशियाई टीम बनना काफी गर्व की बात है। राहुल द्रविड़ को कोच बनने के बाद साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर मिली इस जीत के लिये ढेर सारी बधाई। साउथ अफ्रीका को उसके घर पर हराना काफी मुश्किल है और यह भारतीय क्रिकेट के लिये बहुत बड़ा पल है। विराट कोहली ने जिस तरह से अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, खासतौर से मोहम्मद शमी का वो काबिल ए तारीफ है। जसप्रीत बुमराह की एड़ी में चोट लगी और वो बाहर गये लेकिन जब वो वापस आये तो शानदार गेंदबाजी की। मोहम्मद सिराज सरप्राइज पैकेज साबित हुए, हम सब बल्लेबाजों की बात करते हैं पर आप गेंदबाजों के प्रयास को नकार नहीं सकते हैं, मुझे लगता है कि यह पूरी टीम का मिला जुला प्रयास रहा।'

डिकॉक ने लिया टेस्ट क्रिकेट से संन्यास
गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिये सेंचुरियन टेस्ट मैच में केएल राहुल और मोहम्मद शमी ने जीत की नींव रखी तो वहीं पर जसप्रीत बुमराह और मयंक अग्रवाल ने सपोर्टिंग रोल निभाया। भारतीय टीम को वॉन्डर्रस के मैदान पर सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 3 जनवरी से खेलना है, जिसके लिये उसे पूरी तरह से तैयार होकर उतरना है। इस बीच साउथ अफ्रीका टीम को क्विंटन डिकॉक के रूप में बड़ा झटका लगा है जिन्होंने तत्काल प्रभाव से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। क्विंटन डिकॉक सीरीज के बचे हुए मैचों का हिस्सा नहीं बनेंगे, जिन्होंने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिये यह फैसला किया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications