IND vs SA, 3rd ODI: भारत ने किया दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ, 3-0 से किया क्लीन स्वीप
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम के बीच जारी 3 मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मैच में मिताली राज की कप्तानी वाली टीम ने वड़ोदरा के रिलायंस स्टेडियम पर 6 रनों से रोमांचक जीत हासिल की। भारतीय महिला टीम ने इसके साथ ही 3 मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को क्लीन स्वीप कर सूपड़ा साफ कर दिया है। भारतीय टीम के लिए आज गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया और 146 रनों के छोटे से लक्ष्य का बचाव कर लिया। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.5 ओवर में 146 रन पर आउट हो गयी थी लेकिन स्पिनरों ने इस स्कोर का बखूबी बचाव किया तथा दक्षिण अफ्रीकी टीम को 48 ओवर में 140 रन पर समेट दिया था। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका को पहले वनडे में 8 विकेट से हराया था जबकि शुक्रवार को उसी मैदान पर मेहमान टीम को पांच विकेट से हरा कर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल की थी।

भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का फैसला
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.5 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 146 रन बनाए और मेहमान टीम को 140 रनों पर ढेर कर दिया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में ही उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज प्रिया पूनिया (शून्य) और रोड्रिग्स (तीन) को खो दिया। पूनम राउत (15) और कप्तान मिताली राज (11) भी पर्याप्त समय क्रीज पर बिताने के बावजूद लंबी पारी नहीं खेल पाये। भारत का स्कोर 30वें ओवर में 6 विकेट पर 71 रन था लेकिन हरमनप्रीत (38) और शिखा पांडे (40 गेंदों पर 35) के प्रयासों से टीम 150 रन के करीब पहुंच पायी।

हरमनप्रीत ने बचाई लाज, 150 के करीब पहुंचाया
भारत की ओर से हरमनप्रीत कौर ने सबसे अधिक 38 रन बनाए जबकि शिखा पांडेय ने 35 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हरमनप्रीत ने अपनी 76 गेंद की पारी में पांच चौके लगाये जबकि शिखा की पारी में छह चौके शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मेरिजाने काप ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए जबकि शबनिम इस्माइल और अयाबोंगा खाका को दो-दो सफलता मिली।

स्पिन के जाल में फंसी साउथ अफ्रीका, 140 पर हो गई ढेर
जवाब में खेलने उतरी मेहमान टीम 48 ओवरों का सामना करते हुए 140 रनों पर ढेर हो गई। इसमें एकता बिष्ट का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 32 रन देकर तीन विकेट लिए। दीप्ति शर्मा ने 24 रन देकर दो और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 22 रन देकर दो सफलता हासिल की। भारत के लिए हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और मानसी जोशी ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैरिजान कैप को मिला वुमेन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार
दक्षिण अफ्रीका की सात खिलाड़ी दोहरे अंक में पहुंची लेकिन उसकी तरफ से सर्वोच्च स्कोर मारिजान कैप (29) ने बनाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लाउरा वोल्वार्ट ने 23, कप्तान सुन लुस ने 24 और काप ने 29 रन बनाए। बिष्ट को वुमेन ऑफ द मैच चुना गया जबकि काप को वुमेन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
