पल्लेकल। विराट कोहली की अगुआई में भारतीय टीम लगातार 8वीं टेस्ट सीरीज जीत चुकी है। कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका को पारी व 53 रनों से हराते हुए भारत ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से जीत ली। बतौर कप्तान कोहली ने अब तक 29 मैचों में टीम की अगुआई की है। लेकिन उन्होंने हर मैच में टीम में बदलाव किया है।
विराट कोहली ने पल्लेकल टेस्ट के साथ एक बार फिर से उसी चीज को दोहराया जिसे वह अब तक बतौर कप्तान अक्सर दोहराते आए हैं। इस दौरान उन्होंने लगातार दो मैचों में एक जैसी प्लेइंग इलेवन नहीं उतारी। इससे साफ पता चलता है कि कोहली विपक्षी टीम की रणनीति को भांपते हुए टीम में बदलाव करते हैं।
पल्लेकल टेस्ट में टॉस जीतने के बाद कोहली से जब इस बारे में पूछा गया कि आप हर मैच में टीम में बदलाव क्यों करते हैं तो उन्होंने इसका बड़े ही शानदार तरीके से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि- "कुछ चीजें जानबूझकर होती हैं तो कुछ संयोग से चोट के कारण। मुझे नहीं पता कि क्या पैटर्न है लेकिन अब तक इसने अच्छा काम किया है।"
हर मैच में कोहली की बदली हुई टीम में सबसे ज्यादा मौके स्पिनर आर अश्विन को मिले हैं। अश्विन ने अब तक कोहली की कप्तानी में 29 में से 28 मैच खेले हैं। दूसरे नंबर पर अजिंक्य रहाणे आते हैं जिन्होंने 29 मैचों में से 27 खेले हैं।