नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने श्रीलंका के खिलाफ इंदाैर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में हुए तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में सुर्खियां बटोर लीं। भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई लेकिन इस जीते के हीरो रहे नवदीप जिन्होंने अपनी गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में सफलता हासिल की। सैनी ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट निकाले। उन्हें 'मैन आॅफ द मैच' पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के बाद सैनी ने अपनी सफलता का राज खोलते हुए बताया कि उन्होंने गेंदबाजी में कहां बदलाव किया है।
सैनी ने कहा, ''मैंने अच्छा अभ्यास किया और मुझे भरोसा था। आत्मविश्वास होना महत्वपूर्ण है और विविधताओं का उपयोग करना भी महत्वपूर्ण है। मैं यॉर्कर (दनुष्का गुणाथिलाका का विकेट) के साथ विकेट लेने में अधिक खुश था। मैं सफेद गेंद और लाल गेंद दोनों के साथ आत्मविश्वास हासिल कर रहा हूं। जब मैंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेला था, तो मैं तेजी से गेंदबाजी करना चाहता था, लेकिन अब मुझे पता है कि धीमी गेंदबाजों का महत्व क्या है।''
कप्तान विराट कोहली भी सैनी के प्रदर्शन से खुश हैं। उन्होंने कहा कि नवदीप टी20 क्रिकेट में अधिक आत्मविश्वास हासिल कर रहे हैं। उसे यॉर्कर और बाउंसर और तेजी के साथ लोगों को आउट करते देखना बहुत अच्छा लगता है। यह टीम के लिए वास्तव में अच्छा संकेत है। बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में पहला मैच रद्द होने के बाद इंदाैर में हुए दूसरे मैच में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की। श्रीलंका ने भारत के सामने 143 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे भारत ने महज 17.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। कोहली ने 17 गेंदों में नाबाद 30 रनों की पारी खेली, जिसमें 1 चाैका व 2 छक्के शामिल रहे।