नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के खिलाफ 13 जुलाई से खेली जाने वाली सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज के लिये भारतीय टीम कोलंबो पहुंच चुकी है, जहां पर पूरी टीम ताज होटल में रुककर अपना 4 दिन का सख्त क्वारंटीन बिता रही है। श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के लिये शिखर धवन की कप्तानी में भारत की बी टीम का चयन किया गया है जिसके कोच के रूप में राहुल द्रविड़ और भुवनेश्वर कुमार को उपकप्तान बनाया गया है। इस बीच भारतीय टीम के खिलाड़ी बीसीसीआई की मीडिया टीम के जरिये फैन्स के साथ कोलंबो के ताज समुद्र होटल में अपने क्वारंटीन के पलों को शेयर कर रहे हैं।
बुधवार को बीसीसीआई ने उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर की गई अपनी पोस्ट के बारे में याद करते हुए क्रिकेट के मैदान पर बिताये पलों को याद करते नजर आ रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने इस वीडियो के भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को याद किया और उन्हें समर्पित कुछ पुराने पोस्ट के बारे में बात करते हुए उस क्वालिटी के बारे में बताया जो इस कप्तान को सबसे अलग करती है।
उन्होंने कहा,'मैंने यह पोस्ट माही भाई के संन्यास लेने पर किया था। हर कोई जानता है कि वो कितने बेहतरीन खिलाड़ी हैं लेकिन वह उससे भी ज्यादा बेहतरीन इंसान हैं। मैंने यह पोस्ट यही बताने के लिये की थी। वो हमेशा मदद करने को तैयार रहते हैं फिर इसको लेकर आप चाहे किसी से भी बात करें, वो यही बतायेगा। वो हमेशा युवा खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव शेयर करते हैं और उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने की राह दिखाते हैं।'
बीसीसीआई ने यह वीडियो शेयर करते लिखा कि सोशल मीडिया डे पर भुवनेश्वर कुमार की पसंदीदा इंस्टा यादें जिसमें वो पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और अपने प्यारे कुत्ते के बारे में बात कर रहे हैं।
और पढ़ें: कर्टली एम्ब्रोज ने बताया क्यों आईसीसी नॉकआउट में हार रही है विराट सेना, कहा- बदलना चाहिये गेम प्लान
गौरतलब है कि भुवनेश्वर कुमार ने पूर्व कप्तान के संन्यास लेने पर जो पोस्ट की थी उसे फैन्स ने काफी पसंद किया था जिसमें उन्होंने लिखा था,'माही भाई ने हमें खुद पर और अपनी काबिलियत पर विश्वास करना सिखाया और यकीन दिलाया कि हमारे सपने भी सच हो सकते हैं, बस हमें साहस करने की जरूरत है। आपकी क्रिकेटिंग जर्नी का हिस्सा बनना मेरे लिये सम्मान की बात है। आपकी समझदारी और गाइडेंस से बहुत कुछ सीखने को मिला है जिसने न सिर्फ मैदान पर बल्कि निजी जीवन में भी बेहतर बनने में मदद की। हैप्पी रिटायरमेंट।'
आपको बता दें कि भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज और 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के दौरान 6 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को मौका दिया गया है तो कई ऐसे खिलाड़ी भी शामिल किये गये हैं जिन्होंने पिछले कुछ समय में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है।