चेन्नई, 12 नवंबर: चेन्नई के 19 वर्षीय कार चालक आदित्य पटेल मकाउ में इस सप्ताहांत फार्मूला-3 के अंतर्गत होने वाली बीएमडब्ल्यू पैसेफिक रेस में हिस्सा लेंगे।
फिलहाल, फार्मूला बीएमडब्ल्यू सीरीज में हिस्सा ले रहे पटेल ओवरऑल वर्ग में नौवें और रुकी वर्ग में चौथे स्थान पर चल रहे हैं।
मकाउ में पटेल के लिए कार चलाना एक सबक होगा क्योंकि यहां की गुइया स्ट्रीट सर्किट अच्छे-अच्छे चालकों की परीक्षा ले चुकी है। मकाउ ग्रां पी नए चालकों के लिए हमेशा से बेहतरीन प्लेटफार्म माना गया है।
पटेल बीएमडब्ल्यू पैसेफिक सत्र में पहली बार हिस्सा लेने जा रहे हैं। पटेल ने कहा है कि वे अपने प्रेरणास्रोत और फार्मूला वन चालक रह चुके नारायण कार्तिकेयन से इस सर्किट के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी बटोर रहे हैं।