आधी मैच फीस देंगे अंग्रेज़ क्रिकेटर
चेन्नई, 10 दिसम्बरः मुम्बई हमलों के कारण बीच में ही रुक गई दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला को पूरा करने भारत आई इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अपनी मैच फीस का आधा हिस्सा मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों की सहायता के लिए देंगे।
इंग्लैंड टीम के सलामी बल्लेबाज एलिस्टर कुक ने मंगलवार को अपने साथियों की ओर से बयान जारी करते हुए कहा, "हम उन लोगों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने मुंबई हमले में अपने प्रियजनों को खोया है। हमारी टीम ने पहले टेस्ट मैच की आधी मैच फीस हमले के पीड़ितों को देने का फैसला किया है। हम भारत के लोगों के लिए क्रिकेट खेलने लौटे हैं।"
इंग्लैंड की टीम सोमवार देर रात टेस्ट श्रृंखला के लिए चेन्नई पहुंची। मुंबई हमले के बाद केविन पीटरसन की टीम सुरक्षा कारणों से एकदिवसीय श्रृंखला अधूरी छोड़कर स्वदेश लौट गई थी। चेन्नई में इंग्लैंड टीम को बेहद कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
लगभग पंद्रह दिनों तक संशय में रहने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम खेल के मूड में लौटी है। मंगलवार को इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों ने एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में अभ्यास किया।
हालांकि खिलाड़ियों का डर अभी भी पूरी तरह दूर नहीं हुआ है और वह मैच में इसका असर पड़ने की बात भी कह रहे हैं। कुक ने कहा कि "दुनिया की सबसे सशक्त टीमों में से एक के खिलाफ हमारी तैयारी वैसी नहीं है, जैसी होनी चाहिए लेकिन इसके बावजूद हम अच्छा खेलने का प्रयास करेंगे।
कुक के मुताबिक उनके साथियों ने अबूधाबी में रहते हुए सुरक्षा से जुड़े मसलों पर काफी सोच-विचार किया। अंत में सबने मिलकर फैसला किया कि उन्हें भारत दौरे पर जाना चाहिए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications