चेन्नई टेस्ट : 400 का निर्धारित लक्ष्य नहीं पा सका इंग्लैंड (लीड-2)
भोजनकाल तक इंग्लैंड ने आठ विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए थे। पारी के अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर 102 गेंदों पर एक चौके की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन के खेल के बाद इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एंड्रयू स्ट्रॉस ने कहा था कि उनकी टीम कम से कम 400 रन बनाकर खुद को सुरक्षित स्थिति में पहुंचाना चाहेगी।
मैच के पहले दिन पांच विकेट पर 229 रन बनाने वाली इंग्लैंड की टीम की दूसरे दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ (18) पहले दिन के अपने व्यक्तिगत स्कोर में बिना कोई रन जोड़े अमित मिश्रा की गेंद पर गौतम गंभीर के हाथों लपके गए।
इसके बाद नाइटवॉचमैन जेम्स एंडरसन (19) और प्रायर ने स्कोर को 271 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी स्कोर पर मिश्रा ने एंडरसन को युवराज सिंह के हाथों कैच करा दिया। एंडरसन ने 82 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
एंडरसन के विदा होने के बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर हरभजन सिंह के शिकार बने। हरभजन ने उन्हें राहुल द्रविड़ के हाथों कैच कराया।
हार्मिसन (6) को युवराज ने विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया जबकि ईशांत शर्मा ने आखिरी बल्लेबाज मोंटी पनेसर (6) को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड की पारी समाप्त कर दी।
इंग्लैंड की टीम ने 128.4 ओवर के खेल में 2.45 के औसत से रन जुटाए। भारत की ओर से हरभजन और मिश्रा ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि जहीर खान को दो सफलताएं मिलीं। युवराज तथा ईशांत एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।
इससे पहले इंग्लैंड ने अपने करियर का 13वां शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज एंड्रयू स्ट्रॉस (123) और एलिस्टर कुक (52) की शानदार पारियों की मदद से मैच के पहले दिन गुरुवार को पांच विकेट पर 229 रन बनाए थे। स्ट्रॉस ने 233 गेंदों की पारी में 15 चौके लगाए थे। अपनी शतकीय पारी के दौरान स्ट्रॉस ने टेस्ट मैचों में 4000 रन भी पूरे किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications