राष्ट्रमंडल खेल : पंजाब में बने हैं वुवुजेला
चंडीगढ़, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। इस साल दक्षिण अफ्रीका में हुए फीफा विश्व कप के दौरान दर्शकों में खासा लोकप्रिय रहे वाद्य यंत्र वुवुजेला राष्ट्रमंडल खेलों की भी शान बढ़ा रहा है। तुरही के आकार वाले इस वाद्य वंत्र को पंजाब के उद्यमी मनप्रीत सिंह वालिया ने तैयार किया है।
पंजाब के मोहाली कस्बे के उद्यमी मनप्रीत (32) को उनके एक दोस्त ने इस वाद्य यंत्र वुवुजेला को भेंट किया था।
मनप्रीत ने आईएएनएस को बताया, "इस वाद्य यंत्र को देखने पर मुझे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए इसे बनाने का विचार आया। मैंने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सामग्रियां बेचने वाली कंपनियों को 10,000 वुवुजेला उपलब्ध कराया है।"
मनप्रीत की उच्च तकनीक वाली कंपनी रबर इंडस्ट्री वुवुजेला का निर्माण कर रही है। पांच रंगों नीला, हरा, लाल, पीला और सफेद में उपलब्ध एक वुवुजेला को बाजार में 250 रुपये में बेचा जा रहा है।
इस वर्ष जून-जुलाई महीने में हुए फीफा विश्व कप में दो करोड़ वुवुजेला बेची गई थी। इनमें से 90 प्रतिशत वुवुजेला को चीन में तैयार किया गया था। मनप्रीत का कहना है कि उनकी कंपनी द्वारा बनाई गई वुवुजेला की गुणवत्ता चीन निर्मित वुवुजेला से अच्छी है।
उन्होंने बताया कि इस वाद्य यंत्र को लोग मुंह से बजाते हैं, इसलिए इसके निर्माण में स्वास्थ्य के लिहाज से सावधानी बरती गई है। जिसकी वजह से इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा है। जबकि चीन में बने वुवुजेला में ऐसी बात नहीं है।
मनप्रीत ने बताया कि उनकी वुवुजेला पर राष्ट्रमंडल खेल-2010 के शुभंकर शेरा और उसके अन्य प्रतीकों के स्टीकर लगाए गए हैं। खेलों के बाद इस वाद्य यंत्र पर भारतीय तिरंगे को लगाया जाएगा।
वुवुजेला मूलरूप से दक्षिण अफ्रीका का वाद्य यंत्र है, वहां के लोग इसे बांस से बनाते हैं। लेकिन अब इसे 63 और 68 सेंटीमीटर की लंबाई में प्लास्टिक से भी बनाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications