
किसी भी विभाग में नहीं टिक पाई श्रीलंकाई टीम
श्रीलंका टीम की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए लगता नहीं है कि वो भारत जैसी मजबूत टीम को रविवार को होने वाले मैच में टक्कर भी दे पाएगी। सिर्फ खराब फॉर्म ही नहीं, श्रीलंका की टीम इस समय चोटों से भी जूझ रही है जिसके कारण उसके पांच खिलाड़ी सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं। वनडे टीम के नियमित कप्तान उपुल थरंगा पर 2 मैचों के बैन के बाद तीसरे मैच में टीम की कमान संभालने वाले चामरा कपुगेदरा भी पांचवें वनडे में नहीं खेल पाएंगे। उन्हें पीठ में दर्द के कारण मैच से बाहर होना पड़ा है। हालांकि दो मैच के सस्पेंशन के बाद श्रीलंका की कमान एक बार फिर से नियमित कप्तान उपुल थरंगा के हाथों में होगी। इस सीरीज में बल्लेबाजी श्रीलंका की कमजोरी रही है, अभी तक श्रीलंकाई टीम 250 का आंकड़ा नहीं छू पाई है। गेंदबाजी की बात करें तो केवल दूसरे और तीसरे वनडे में ही श्रीलंका के अकीला धनंजया ने अपने तेवर दिखाए थे लेकिन चौथे वनडे में भारतीय कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने उनकी जमकर धुनाई की। फील्डिंग में भी श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।

मैथ्यूज पर टिकी हैं श्रीलंका की निगाहें
श्रीलंकाई टीम काफी हद तक पूर्व कप्तान और सबसे अनुभवी खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज पर टिकी है। मैथ्यूज ने चौथे वनडे में शानदार प्रदर्शन किया। गेंद और बल्ले से मैथ्यूज ने कमाल का प्रदर्शन किया था। निरोशन डिकवेला और कुसल मेंडिस से भी श्रीलंका को रनों की उम्मीद होगी। हालांकि ये दोनों बल्लेबाज सीरीज में फ्लॉप रहे हैं लेकिन इनके अंदर रन बनाने की क्षमता है। अगर ये तीनों अपने बल्ले से योगदान देने में सफल होते हैं तो श्रीलंका एक अच्छा स्कोर खड़ा कर सकती है। आपको बता दें कि श्रीलंका टीम के लिए ये 250वां वनडे मैच होगा। कुसल मेंडिस 31 रन बनाकर सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले तीसरे श्रीलंकन खिलाड़ी बन जाएंगे।

तो फिर से प्रयोग करेगी टीम इंडिया, युवाओं को मिलेगा मौका?
टीम इंडिया की बात करें तो एक और जहां श्रीलंका के लिए सबकुछ खराब चल रहा है वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन कर रही है। कोच रवि शास्त्री और कोहली इस मैच में भी चौथे मैच की तरह प्रयोग कर सकते हैं। पिछले मैच में मनीष पांडे, कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर को मौका मिला और इन तीनों ने सभी को प्रभावित करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि केएल राहुल की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है ऐसे में कोहली उनकी जगह अजिंक्य राहणे कौ मौका दे सकते हैं।

तो विश्व रिकॉर्ड बनाएगी टीम इंडिया?
भारत अगर पांचवां वनडे भी जीत जाता है तो वह पहली बार दो लगातार दो वनडे सीरीज क्लीन स्वीप कर जीत सकेगा। अगर टीम इंडिया इस मैच में भी 350 से ज्यादा का स्कोर बनाता है, तो भारत सबसे ज्यादा 25 बार वनडे में 350 से ज्यादा स्कोर बनाने वाली टीम का रिकॉर्ड हासिल कर सकता है।

टीमेंः-
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा (उप कप्तान), केएल राहुल, मनीष पांडे, अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रित बूमराह।
श्रीलंकाः- एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला (कीपर), लाहिरु थिरिमाने, कुसल मेंडिस, चामरा कपुगेदेरा (कप्तान), मिलिंडा सिरीवर्धना, मलिंडा पुष्पकुमारा, अकिला धनंज्या, लक्ष्मण संदाकन, थिसारा परेरा, वानिंदु हसरंगा, लसिथ मलिंगा, दुश्मांथा चमेरा, विश्व फर्नांडो।


Click it and Unblock the Notifications
