शादी के लिए भुवी ने तो छोड़ी दी सीरीज, कभी इस गेंदबाज ने ऐसे किए थे दोनों काम
नई दिल्ली। धाकड़ भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 23 तारीख को नुपुर नागर के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इसके लिए भुवी को बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से रिलीव कर दिया है। दरअसल श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 24 नवंबर को नागपुर में खेला जाएगा और भुवी की शादी उससे एक दिन पहले यानी 23 नवंबर को है। इसीलिए भुवी को अगले दोनों मैचों से छुट्टी दे दी गई है। लेकिन अगर भुवी इस गेंदबाज से सीखते तो दोनों काम कर सकते थे। यानी शादी के अगले दिन मैच भी खेल सकते थे।

एंड्रे नेल ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए छुट्टी नहीं ली
जी हां, दक्षिण अफ्रीका के एक दिग्गज क्रिकेटर ने ऐसी ही परिस्थितियों में दोनों काम किए हैं। लगभग 13 साल पहले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एंड्रे नेल ने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए छुट्टी नहीं ली। बल्कि शादी भी की और मैच भी खेला। इसके लिए टीम प्रबंधन ने उनकी शादी के लिए खास इंतजाम किए थे।

भुवी नागपुर की पिच पर भी भारत के लिए अहम साबित हो सकते थे
दक्षिण अफ्रीका ने 2004 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज 3-0 से जीती थी। दक्षिण अफ्रीका की इस जीत में आंद्रे नेल शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में 17 विकेट ले चुके थे। और उनका अगले टेस्ट- सेंचुरियन में खेलना तय माना जा रहा था। बता दें कि कोलकाता की हरी पिच पर भुवनेश्वर कुमार भी कुछ ऐसा ही कारमाना कर चुके हैं और माना जा रहा है कि नागपुर टेस्ट भी हरी पिच पर ही खेला जाएगा। पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 8 विकेट लेने वाले भुवी नागपुर की पिच पर भी भारत के लिए अहम साबित हो सकते थे। लेकिन उन्हें शादी के लिए रिलीव कर दिया गया है। ऐसी परिस्थिति में दक्षिण अफ्रीका गेंदबाज एंड्रे नेल ने शादी और मैच दोनों चुने थे।

टीम प्रबंधन ने नेल के लिए हेलिकॉप्टर का इंतजाम किया
सेंचुरियन टेस्ट 16 जनवरी को शुरू हो रहा था। नेल और उनकी मेंगेतर डेने विट्ज अगले दिन 17 जनवरी को शादी की तारीख पक्की कर चुके थे। टीम प्रबंधन ने नेल के लिए हेलिकॉप्टर का इंतजाम किया। ताकि उन्हें टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के साथ ही मैदान से सीधे बेनोनी के चर्च ले जाया जाए। टीम ने तय यह किया कि टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल कुछ जल्दी समाप्त कर दिया जाएगा। यही हुआ और नेल वक्त से पहले ही सेंचुरियन से बेनोनी पहुंच गए और उनकी शादी हो गई।

शादी के बाद मैदान पर उतरे एंड्रे नेल ने लारा को एक ही दिन में दो बार आउट कर दिया
अगले दिन 18 जनवरी को शादी के बाद मैदान पर उतरे एंड्रे नेल ने वेस्टइंडीज के कप्तान ब्रायन लारा को एक ही दिन में दो बार आउट कर दिया। नेल ने इस मैच में 3 विकेट लिए थे जिसकी बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने वह टेस्ट मैच 10 विकेट से जीतकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा किया। फिलहाल तो भुवनेश्वर कुमार को आराम दे दिया गया है और उनकी जगह पर तमिलनाडु के धाकड़ ऑलराउंडर विजय शंकर को टीम में शामिल कर लिया गया है। बता दें कि भुवी के अलावा शिखर धवन भी पहले मैच से गायब रहेंगे। हालांकि धवन अगले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
