कोलंबो। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ चौथे वनडे में उतरते ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। दरअसल ये धोनी के करियर का 300वां वनडे मैच है। धोनी को इस खास उपलब्धि के लिए देश और दुनिया से बधाइयों का तांता लगा है। इस मौके पर उन्हें टीम इंडिया ने एक खास पेंटिंग तोहफे में दी। मैच से पहले कप्तान विराट कोहली ने उन्हें पेंटिंग सौंपी।
हालांकि इस सबके अलावा एक खास घोषणा पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने कर दी। मैच में कमेंट्री कर रहे गावस्कर ने धोनी से एक बेहद ही खास मांग कर डाली। उन्होंने कहा कि वैसे तो धोनी ने अपने क्रिकेट करियर में लगभग सबकुछ हासिल किया है लेकिन मैं चाहता हूं कि वो रणजी ट्रॉफी में झारखंड की कमान संभालकर उसे खिताब जिताएं।
गावस्कर ने कहा, 'एम एस धोनी ने कप्तान के तौर पर सबकुछ हासिल किया है। वो इस देश के सबसे महान खिलाड़ी और महान कप्तानों में से एक हैं। बस एक चीज की कमी है वो है रणजी ट्रॉफी जीतना। मैं धोनी से ये चाहता हूं कि वो अब झारखंड की कमान संभालें और उसे रणजी ट्रॉफी जिताएं। मैं जानता हूं कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है लेकिन अगर वो झारखंड की कप्तानी करेंगे तो उस टीम के खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा।'
आपको बता दें कि धोनी के अलावा इससे पहले 300 से ज्यादा वनडे खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (463 वनडे), राहुल द्रविड़ (344 वनडे), मोहम्मद अजहरुद्दीन (334 वनडे), सौरव गांगुली (311 वनडे) और युवराज सिंह (302 वनडे) अपने नाम कर चुके हैं।