पल्लेकल। भारत ने श्रीलंका को दूसरे मैच में 3 विकेट से हराकर जीत तो हासिल कर ली लेकिन भारत ये मैच हार की कगार पर जाकर जीता था। दरअसल बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की वजह से भारतीय टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय लग रहा था कि भारतीय टीम हार जाएगी लेकिन महेंद्र सिंह धोनी और भुवनेश्वर कुमार ने 8वें विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी कर भारतीय टीम को 3 विकेट से जीत दिला दी।
मैच से पहले टॉस जीतने के बाद खुद भारतीय कप्तान ने कहा था कि- "हम टीम में कोई बदलाव नहीं करने जा रहे हैं। मैच के दौरान काफी सारे एक्सपेरीमेंट करने के विकल्प हमारे पास हैं।" कोहली ने अपनी बात को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के नंबर में बदलाव कर दिया। लेकिन कोहली का ये फैसला गलत साबित हुआ। हालांकि कप्तान विराट कोहली को अपने इस फैसले पर कोई अफसोस नहीं है।
इसे भी पढ़ेंः- VIDEO: बाल-बाल बचे धोनी, विकेट में जा लगी गेंद फिर भी नहीं हुए आउट
17वें ओवर में एक समय भारतीय टीम का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 113 रन था लेकिन 22वें ओवर तक आते-आते टीम ने 131 रनों के स्कर तक 7 विकेट गंवा दिए। श्रीलंका की तरफ से अकीला धनंजय ने 6 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस नहस कर दिया था।
कोहली ने बल्लेबाजी क्रम के फैसले को बदलने को लेकर कहा कि ' जब 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट के नुकसान पर 110 रन आसानी से बना लेते हैं तो फिर आप हर बल्लेबाज को बल्लेबाजी के लिए मौका देना चाहते हैं। अगर मैं नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए आता तब भी मैं गेंद को मिस कर सकता था क्योंकि तब भी अकीला धनंजय अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे'।