पोस्ट ऑफ स्पेन। भारत और वेस्ट इंडीज के बीच चौथे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन का मैच रद्द कर दिया गया है। बारिश होने की वजह से मैच को रद्द करना पड़ा। मैदान गीला होने के कारण एक भी बॉल नहीं खेली जा सकी।
बारिश के कारण गीले हुए मैदान को देखकर अंपायरों ने यह फैसला लिया और तीसरे दिन का मैच रद्द कर दिया गया। आपको बता दें कि ये भारत और वेस्ट इंडीज के बीच खेला जा रहा चौथा और अंतिम क्रिकेट टेस्ट है।
यह मैच रद्द होने के साथ ही कुल तीन दिनों में महज 22 ओवर ही खेले जा सके हैं। आपको बता दें कि शुक्रवार को भी बारिश हो गई थी, जिसके चलते मैच रद्द कर दिया गया था और एक भी बॉल नहीं फेंकी जा सकी थी। अब तक के खेल में वेस्टइंडीज ने दो विकेट खोकर 62 रन बनाए हैं।
पहले दिन के खेल में लियोन जॉनसन ने 9 रन बनाए थे, जबकि डेरेन ब्रावो ने 10 रन बनाए थे। क्रेग ब्रेथवेट 32 रन बनाकर नाबाद थे और उनका साथ दे रहे ते मार्लन सैमुअल्स, जिन्होंने चार रन बनाए थे। उस दिन भी बारिश हो जाने के चलते मैच रोकना पड़ा था।
लगातार हो रही बारिश से मैच तो रद्द हो ही रहा है, साथ ही भारत की रैंकिंग भी धुलती हुई नजर आ रही है। यही स्थिति रही तो मैच ड्रा भी हो सकता है, जिसका नतीजा यह होगा कि भारत अपनी शीर्ष रैंकिंग खो देगा। अगर ऐसा होता है तो दूसरे स्थान पर स्थित पाकिस्तान पहली बार दुनिया की नंबर वन टीम बन जाएगा।