नई दिल्लीः भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका ने शानदार खेल दिखाते हुए वनडे और टी-20 में जीत हासिल की। भारतीय टीम की ये ऐतिहासिक जीत थी। जीत के बाद भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने कहा कि टीम इंडिया को हारते देख आलोचक खुश होते हैं। टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने उन लोगों को खरीखोटी सुनाई, जो दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद टीम इंडिया की आलोचना कर रहे थे।
एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने कहा कि मेरा मानना है कि हम दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीत सकते हैं। टेस्ट सीरीज के बारे में बोलते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि हम पहले दो टेस्ट में जीत के करीब थे, लेकिन कुछ मौकों पर चूक के कारण पीछे रह गए।
रवि शास्त्री ने कहा कि टीम इंडिया की आलोचना करने वाले बहुत कम लोग ही देख सके कि हम जीत के करीब थे। आगे उन्होंने कहा कि, 'कई बार आपको महसूस होता है कि आपके देश में लोग आपकी हार पर खुश होते हैं।'
पहले और दूसरे टेस्ट मैच में हार के बारे में रवि शास्त्री ने कहा कि 'हमने जब सेशन का कैलकुलेशन किया तो पाया कि सिर्फ दो सत्रों में दक्षिण अफ्रीका से पीछे रहे, जो हमारी हार का प्रमुख कारण रहा। फिर तीसरे टेस्ट में हमारी जीत की ललक रंग लाई और आखिरकार हम जीतने में कामयाब हुए। जोहानसबर्ग टेस्ट में हमने ड्रॉ के लिए नहीं, बल्कि जीत के लिए खेला।'
टीम इंडिया के लगातार क्रिकेट खेलने के बारे में रवि शास्त्री का कहना है कि 'हमारे खिलाड़ी लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। हम महीने में 21 दिन क्रिकेट खेलते हैं। 12 मैचों में हमने 8 मैच जीते हैं। हमें इस जीत के लिए अपने खिलाड़ियों को इसका क्रेडिट देना चाहिए। हालांकि उन्होंने क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम पर भी चिंता जताई।'