मुंबई। टीम इंडिया के हेडकोच को लेकर बीसीसीआई हेडक्वार्टर में चल रहा इंटरव्यू समाप्त होने के बाद सौरव गांगुली ने कहा कि अभी कोच को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है। कोच के ऐलान को लेकर सीएसी को अभी वक्त चाहिए। सौरव गांगुली ने कहा कि विराट कोहली से बातचीत के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा। इसी के साथ साफ हो गया कि अभी टीम के कोच का ऐलान होने में समय लगेगा।
क्रिकेट एडवाइजरी काउंसिल (सीएसी) ने नए हेड कोच के लिए सोमवार को आवदेकों का इंटरव्यू लिया। इस कमेटी में सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण शामिल हुए। सबसे पहले इंटरव्यू के लिए पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग पहुंचे थे और इसके बाद खबर आई कि रवि शास्त्री ने अपना इंटरव्यू स्काइप पर दिया। इंटरव्यू के बाद सौरव गांगुली ने बताया कि टीम इंडिया के नए कोच के ऐलान को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है। सीएसी को कोच का ऐलान को लेकर अभी थोड़ा और समय चाहिए। इसी के साथ साफ हो गया कि कोच का ऐलान अभी नहीं होगा। सौरव गांगुली ने बताया कि नए कोच का चुनाव विश्वकप तक के लिए होगा, ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से इस बारे में बात की जाएगी। विराट कोहली के भारत आने पर उनके साथ इसको लेकर चर्चा होगी जिसके बाद ही कोच को लेकर आखिरी फैसला लिया जाएगा।
क्रिकेट एडवाइजरी काउंसिल (सीएसी) के सदस्य सौरव गांगुली
जानकारी के मुताबिक कोच को लेकर अभी फैसला नहीं लिया गया है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की तरफ से कोई भी नाम नहीं दिया गया है। फिलहाल कोच को लेकर जिन नामों पर चर्चा चल रही है उनमें रवि शास्त्री, वीरेंद्र सहवाग, टॉम मूडी, रिचर्ड पायबस प्रमुख हैं।