नई दिल्ली। भारतीय खिलाड़ियों ने अपना जलवा पूरी दुनिया में फैलाया है। वनडे क्रिकेट की बात करें या फिर टी-20 हर फार्मेट में टीम का जलवा कायम है। अगले साल विशअवकप मुकाबले से पहले भारतीय टीम का इंग्लैंड दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में भारत को इंग्लैंड से भिड़ने के पहले आयरलैंड के साथ दो टी-20 मुकाबले खेलने हैं। हालांकि यह मैच भारत के लिए वार्मअप मुकाबले जैसा है लेकिन मैदान पर उतरते ही भारतीय टीम के नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड भी जुड़ जाएगा। दरअसल इस मैच के साथ ही भारत का टी20 मैचों का शतक पूरा हो जाएगा। आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में भारत का पहला टी20 मैच उसका 100वां टी20 मैच होगा
ये हैं भारत की शानदार उपलब्धियांः 2006 में अपना पहला टी20 मैच खेलने वाली टीम इंडिया अब टी20 का शतक लगाने वाली है। अबतक 6 देशों ने 100 या उससे ज्यादा टी20 मैच खेले हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और साउथ अफ्रीका की टीम शामिल है.वैसे टीम इंडिया 100वां मैच खेलते ही इन सभी टीमों से आगे निकल जाएगी. दरअसल 100 मैच खेलने के बाद सबसे अच्छा जीत प्रतिशत टीम इंडिया का ही होगा। 99 टी20 मैचों में टीम इंडिया की जीत प्रतिशत 63.40 है. इसके बाद दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीकी टीम है जिसने 58.82 प्रतिशत मैच जीते हैं। गौरतलब हो कि भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 की बादशाह है।पिछली 6 टी20 सीरीज की बात करें तो टीम इंडिया ने एक में भी हार का मुंह नहीं देखा है. टीम इंडिया ने श्रीलंका को 3 बार, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका को 1-1 बार मात दी है. वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज उसने ड्रॉ कराई है।