तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने की सगाई, इंस्टाग्राम पर शेयर की 'बेटर हाफ' की फोटो
मेरठ। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अब सिंगल नहीं रहे। भुवनेश्वर ने बुधवार को अपने शहर मेरठ की ही नुपूर नागर से सगाई की। दोनों ने नोएडा में पूरे परिवार की मौजूदगी में एक दूसरे को अंगूठी पहनाई। इसके बाद शाम में भुवनेश्वर ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट कर फैंस को अपनी होने वाली 'बेटर हाफ' से रूबरू करवाया।

छज्जे-छज्जे का है दोनों का प्यार
भुवनेश्वर और नुपूर का प्यार छज्जे-छज्जे का प्यार है। नुपूर मेरठ के गंगानगर की रहने वाली हैं। यहीं भुवनेश्नवर कुमार भी रहते हैं। दोनों का घर आसपास ही है।

मई में ही दे दी थी लव-लाइफ की झलक
नुपूर और भुवनेश्वर, दोनों के ही पिता पुलिस में काम करते थे और हाल ही में दरोगा की पोस्ट से रिटायर हुए हैं। सगाई दोनों के परिवार की रजामंदी से हुई है। हालांकि भुवनेश्वर कुमार ने अपनी लव-लाइफ की झलक 11 मई को ही दे दी थी जब उन्होंने यही तस्वीर इंस्टाग्राम डाली थी और लिखा था, 'डिनर डेट पर आया हूं। पूरी तस्वीर जल्द ही'। इसकी के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि भुवनेश्वर किसी को डेट कर रहे हैं।

जब बॉलीवुड एक्ट्रेस से जुड़ने लगा भुवनेश्वर का नाम
इसके ठीक बाद ही मीडिया में रिपोर्ट्स आने लगीं थीं कि भुवनेश्वर किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस को डेट कर रहे हैं। इस बात से नाराज भुवनेश्वर ने इंस्टाग्राम पर अपनी भड़ास निकाली थी और कहा था कि जब समय आएगा वो खुद दुनिया से उसे मिलवा देंगे। आखिर भुवनेश्वर ने 4 अक्टूबर की शाम दुनिया को बता ही दिया कि कौन हैं उनकी होने वाली 'बेटर हाफ'।

इंजीनियर हैं भुवनेश्वर की होने वाली 'बेटर हाफ'
भुवनेश्वर की होने वाली 'बेटर हाफ' पेशे से इंजीनियर हैं और नोएडा में काम करती हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई देहरादून में हुई। इसके बाद वो पूरे परिवार के साथ मेरठ आ गईं और यहीं अपनी आगे की पढ़ाई की। 12वीं के बाद नुपूर इंजीनियरिंग करने के लिए नोएडा आ गईं और अब यहीं रहती हैं।

दिसंबर में दोनों लेंगे सात-फेरे
नुपूर चार भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनकी बहनों और भाई की शादी हो चुकी है। कहा जा रहा है कि नुपूर और भुवनेश्वर की शादी भी इस साल दिसंबर में हो सकती है। भुवनेश्वर के पिता का कहना है कि उनके बिजी शेड्यूल के बीच ही शादी की तारीख निकाली जाएगी।
ये भी पढ़ें: VIDEO: घर में इस खास के साथ समय बिता रहे हैं धोनी, पत्नी ने किया खुलासा
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
