नई दिल्ली। स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन के लिए समय अच्छा नहीं चल रहा। कभी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अहम साबित होने वाले अश्विन आज वनडे, टी20 में जगह बनाने को तरस रहे हैं तो वहीं टेस्ट की 15 सदस्यीय टीम में शामिल होकर भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पा रहे हैं। विंडीज के खिलाफ हुई 2 टेस्ट मैचों में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का माैका नहीं मिला था। खैर, अश्विन काउंटी क्रिकेट में अपना प्रभाव बनाए हुए हैं, जिसके चलते उन्हें जुलाई में नॉटिंघमशायर के लिए बेहतरीन प्रदर्शन की वजह से टीम का खास अवार्ड मिला है।
अश्विन ने जुलाई के महीने में इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेला था। वह नॉटिंघमशायर की टीम का हिस्सा थे। वहां उन्होंने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए छाप छोड़ी थी। अश्विन ने काउंटी में इस सीजन अभी तक सिर्फ तीन मैच खेले थे। इन मैचों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसमें उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 144 रन देकर 12 विकेट थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें जुलाई के लिए टीम का प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है।
बल्लेबाजी में भी अश्विन ने अहम योगदान दिया है। इन तीन मैचों में उनके बल्ले से 197 रन निकले। इसी प्रदर्शन की वजह से उन्हें इस अवार्ड के लिए चुना गया है। बता दें कि अश्विन विंडीज के खिलाफ दाैरे के बाद फिर से नॉटिंघमशायर से जुड़ गए हैं। उन्होंने केंट के खिलाफ पहली पारी में ही 4 विकेट अपने नाम कर लिए। अश्विन की बदौलत केंट की टीम 304 रन पर सिमटी। उन्होंने जॉर्डन कॉक्स के रूप में अपना पहला विकेट लिया, जिन्होंने 22 रन बनाए। जल्द ही भारतीय स्पिनर ने केंट के कप्तान सैम बिलिंग्स को चलता कर दिया, जो महज चार रन ही बना सके। अश्विन ने तीसरा विकेट डेनियल बेल ड्रमंड का लिया जबकि चौथे विकेट के तौर पर ओलिवर रॉबिनसन को पवेलियन की राह दिखाई।