सिडनी। ऑस्ट्रेलिया दौरे (Australia Tour) पर गई भारतीय टीम (Team India)और सहयोगी स्टाफ कोरोना वायरस जांच में नेगेटिव पाए गए हैं। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद टीम ने आउटडोर ट्रेनिंग शुरू कर दी है। खिलाड़ियों ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिये शनिवार को सिडनी ओलिंपिक पार्क के अंदर ब्लैकटाउन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स पार्क में ट्रेनिंग की।
हाल ही में यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग में भाग लेने वाले हार्दिक पंड्या, पृथ्वी शॉ और मोहम्मद सिराज समेत कई क्रिकेटरों ने अभ्यास सत्र में भाग लिया था। बीसीसीआई ने ट्विटर पर खिलाड़ियों के आउटडोर प्रेक्टिस करते और जिम सेशन की तस्वीरें डाली हैं। स्पिनर कुलदीप यादव, तेज गेंदबाज उमेश यादव, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर और चेतेश्वर पुजारा अभ्यास करते दिख रहे हैं।
भारतीय टीम इस समय 14 दिन के क्वारंटीन पीरियड पर है और पहली कोरोना जांच की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा 27 नवम्बर से शुरू होगा और 19 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान टीम 27 नवंबर से तीन वनडे, तीन टी-20 और चार टेस्ट मैच खेलेगी। इस दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने खिलाड़ियों के परिवारों को भी साथ में ठहरने की अनुमति दी है और इन्हें भी क्वारंटीन प्रोटोकॉल से गुजरना होगा। रविचंद्रन अश्विन, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे अपनी पत्नी और बच्चे के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए हैं।
भारतीय वनडे टीम: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, शुबमन गिल, केएल राहुल (उप कप्तान, विकेटकीपर) , श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, मयंक अग्रवाल, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर और संजू सैमसन (विकेटकीपर)
भारतीय टी20 टीम: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल (उप कप्तान और विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांडया, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, टी नटराजन
भारतीय टेस्ट टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उप कप्तान) , हनुमा विहारी, शुबमन गिल, रिद्धिमान साहा, रिषभ पंत (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, नवदीप सैनी, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन और मोहम्मद सिराज