कोलकाता| बांग्लादेश दौरे से पूर्व विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टेस्ट टीम शुक्रवार को फिटनेस जांच के लिए कोलकाता पहुंचेगी। भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा सात जून से शुरू हो रहा है। बंगाल क्रिकेट संघ के सूत्रों के अनुसार, "सभी खिलाड़ी शुक्रवार को अलग-अलग समय पर यहां पहुंचेंगे।"
कप्तान कोहली के सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाम 4.20 पर पहुंचने की उम्मीद है। टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री शाम पांच बजे पहुंचेंगे।खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट शनिवार को इडेन गार्डन्स स्टेडियम में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने हर दौरे से पहले सभी खिलाड़ियों को फिटनेस जांच कराने का निर्देश दिया है। इससे पहले केवल चोटिल खिलाड़ियों की ही जांच की जाती थी।
सीएबी के संयुक्त सचिव सुबिर गांगुली के अनुसार, "टीम बांग्लादेश के लिए सोमवार सुबह रवाना होगी।"
भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा 24 जून को समाप्त होगा। इस दौरान टीम वहां एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैच की द्विपक्षीय श्रृंखला खेलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।